एक मत से तय होती है किसी की हार-जीत : डीसी
संवाद सहयोगी रियासी लोकतंत्र में मतदान का बहुत महत्व है एक मत से किसी की हार-जीत तय होती है
संवाद सहयोगी, रियासी : लोकतंत्र में मतदान का बहुत महत्व है, एक मत से किसी की हार-जीत तय होती है। हमें अपने मत का उपयोग विवेक से करना चाहिए और योग्य प्रत्याशी को ही वोट डालना चाहिए। यह बात रियासी के मिनी सचिवालय में डीसी डीसी इंदु कंवल चिब तथा एसएसपी निशा नथियाल ने महिलाओं से कही।
महिलाओं को मत का महत्व बताने के लिए महिला चुनावी सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें महिला मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। सम्मेलन में रियासी के अलावा लगभग 500 महिला मतदाता शामिल हुई।
इस मौके पर डीसी इंदु चिब ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ की हड्डी हैं। कोई भी देश वास्तव में तभी लोकतांत्रिक हो सकता है जब उसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों के समान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में महिलाओं की भागीदारी की प्रशंसा की।
वहीं, एसएसपी निशा नथियाल ने कहा कि महिलाएं घरेलू मामलों को संभालने के साथ ही कई ऐसे फैसले लेने में सक्षम हैं जिससे क्षेत्र तथा राज्य व देश को आगे ले जाया जा सके। चुनाव के दौरान भी महिलाओं की भागीदारी प्रशंसनीय रहती है। इस मौके पर सशक्त लोकतंत्र विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें लोकतंत्र तथा सरकार में महिलाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला गया। संगोष्ठी में भाग लेने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया इसी के साथ उपस्थित महिलाओं द्वारा अंगामी चुनाव में खुद तथा अपने परिचितों,संबंधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक शपथ ली। सम्मेलन के दौरान एक विशेष काउंटर भी लगाया गया था जिसमें मतदाता सत्यापन पेपर ऑडिट ट्रेल मशीन (वीवीपीएटी) तथा चुनाव से संबंधित अन्य जानकारी दी गई।