तेंदुए के हमले में जुड़वां बहनों में से एक की मौत, दूसरी गंभीर
संवाद सहयोगी रियासी तहसील माहौर में तेंदुए ने वीरवार को फिर कहर बरपाया। क्षेत्र में तें
संवाद सहयोगी, रियासी : तहसील माहौर में तेंदुए ने वीरवार को फिर कहर बरपाया। क्षेत्र में तेंदुए के हमले में जुड़वा बहनों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची की हालत गंभीर है। उसे उपचार के लिए माहौर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक तहसील माहौर के छजरू क्षेत्र में तेंदुए ने अपने घर के पास खेल रही दो जुड़वा बहनों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में 8 वर्षीय बच्ची दिलशाद बानो ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल बच्ची शाइदा बानो पुत्री मुश्ताक अहमद निवासी छजरू, तहसील माहौर, जिला रियासी माहौर अस्पताल में भर्ती है। तेंदुए के हमले में बच्ची के मारे जाने से भड़के स्थानीय लोगों वन्य जीव संरक्षण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि आए दिन तहसील माहौर के विभिन्न क्षेत्रों में तेंदुआ हमले कर मासूम लोगों को अपना निवाला बना रहा है, लेकिन कई बार गुहार लगाने के बाद भी वन्य जीव संरक्षण विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है। लोगों का कहना था कि पहले भी तहसील माहौर में तेंदुए द्वारा कई मासूम बच्चों को अपना निवाला बनाया जा चुका है। जब लोगों ने इसका विरोध किया था तब वन्य जीव संरक्षण विभाग द्वारा तेंदुए को आदमखोर घोषित करते हुए उसे गोली मार दी गई थी। सूत्रों के मुताबिक एक तेंदुए को स्थानीय लोगों द्वारा मारकर उसके शव को जला दिया गया था। अब कुछ माह के बाद फिर से तेंदुए ने कहर बरपाया है, जिससे ग्रामीणों में फिर से दहशत का माहौल बन गया है।