भूस्खलन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
संवाद सहयोगी रियासी जिले की तहसील थुरू में पड़ते इलाके में एक व्यक्ति की भूस्खलन की चपेट
संवाद सहयोगी, रियासी : जिले की तहसील थुरू में पड़ते इलाके में एक व्यक्ति की भूस्खलन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बचाव और राहत कार्य कर शव को मलबे से निकाला। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के बाद औपचारिकताएं पूरी कर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को बशीर अहमद (40) पुत्र मेहरू निवासी चान कैंठी अपने घर के निकट खेत में काम कर रहा था। ऐसे में अचानक पहाड़ी से भूस्खलन होने के बाद उनके खेतों में मलबा आ गया, जिसमें बशीर दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भूस्खलन होने के बाद मृतक के परिवार व अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। जिसके बाद उन्होंने बशीर का मलबे से शव निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिले के दूरदराज क्षेत्र में बरसात के मौसम में कई बार भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आती हैं, जिसमें कई बार नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के बाद लोगों को दिक्कत आती है तो कइयों को भूस्खलन की चपेट में आकर अपनी जान गंवानी पड़ती है। स्थानीय प्रशासन द्वारा लोगों को बरसात के मौसम में भूस्खलन वाले स्थान से दूर रहने की अपील की हुई है।