वैष्णो देवी की नगरी कटड़ा में 2120 करोड़ रुपये की परियोजना को गति देने की मांग, विधायक शर्मा ने की शुरुआत
विधायक बलदेव राज शर्मा ने कटड़ा के 2120.09 करोड़ रुपये के शहरी पुनर्विकास परियोजना को गति देने के लिए लोक ...और पढ़ें

वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन (फाइल फोटो)
HighLights
विधायक शर्मा ने कटड़ा पुनर्विकास परियोजना को गति देने की मांग की।
2120.09 करोड़ की परियोजना से कटड़ा का होगा आधुनिक विकास।
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।
संवाद सहयोगी, कटड़ा। पवित्र धार्मिक नगरी कटड़ा के समग्र विकास और बुनियादी ढांचे को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से प्रस्तावित 2120.09 करोड़ रुपये की शहरी पुनर्विकास परियोजना को गति देने के लिए विधायक श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र बलदेव राज शर्मा ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
इसी क्रम में उन्होंने श्रीनगर स्थित सिविल सचिवालय में लोक निर्माण (आरएंडबी) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन और इससे संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी लाने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र- कटड़ा
विधायक बलदेव राज शर्मा ने बैठक में पवित्र कटड़ा शहर के विकास से जुड़ी आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कटड़ा केवल जम्मू-कश्मीर ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, नागरिक सुविधाओं में सुधार करना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि कटड़ा की शहरी पुनर्विकास परियोजना का प्रस्ताव 6 जून 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके कटड़ा दौरे के दौरान सौंपा गया था। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से शहर के नियोजित विकास को नई दिशा मिलने और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की उम्मीद है।
परियोजना के जल्द क्रियान्वयन पर जोर
विधायक बलदेव राज शर्मा ने कहा कि परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी लाना जरूरी है। उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव से आग्रह किया कि परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़ी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि विकास कार्यों को जल्द शुरू करने की दिशा में ठोस प्रगति हो सके।
बलदेव राज शर्मा ने कहा कि कटड़ा का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। शहरी पुनर्विकास परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, बल्कि मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संबंधित विभागों के सहयोग से इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगे बढ़ाने में तेजी आएगी और पवित्र नगरी कटड़ा के विकास को नई गति मिलेगी।
