विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहे हैं? नवरात्र के बाद घटी श्रद्धालुओं की संख्या, जानें यात्रा का हाल

Published: Wed, 21 Oct 2026 04:51 PM (IST)

Vaishno Devi Yatra: मौसम सामान्य होने के साथ ही मां वैष्णो देवी की यात्रा उत्साहपूर्वक जारी है, हालांकि नवरात्र के ...और पढ़ें

दर्शनी ड्योढ़ी से भवन की ओर रवाना होते श्रद्धालु। फोटो: जागरण

दर्शनी ड्योढ़ी से भवन की ओर रवाना होते श्रद्धालु। फोटो: जागरण

जागरण संवाददाता, कटड़ा। मौसम सामान्य होने के साथ ही मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। मौसम साफ रहने और धूप खिलने से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ परिवार व मित्रों सहित मां के भवन की ओर रवाना हो रहे हैं। बुधवार को भी कटड़ा से लेकर भवन तक यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

बुधवार को मौसम सामान्य रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि मौसम में आए बदलाव के कारण ठंडी हवाएं चलती रहीं, लेकिन इससे श्रद्धालुओं के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। श्रद्धालु कटड़ा पहुंचकर पंजीकरण करवाने के बाद मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर प्रस्थान करते रहे।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार यात्रा कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट

पवित्र शारदीय नवरात्र संपन्न होने के बाद मां वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन लगभग 45 हजार से 50 हजार श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंच रहे थे। वहीं, अब यह संख्या घटकर करीब 22 हजार से 28 हजार के बीच रह गई है।

दीपावली सहित अन्य त्योहार नजदीक होने के कारण आने वाले दिनों में यात्रा में और कमी आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, भैया दूज के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में फिर से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

कटड़ा के बाजारों में बढ़ी रौनक

वर्तमान में यात्रा कर रहे श्रद्धालु मां के दिव्य दर्शन करने के बाद भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन भी कर रहे हैं। इस तरह मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु वापस कटड़ा लौट रहे हैं। यात्रा के उपरांत श्रद्धालु कटड़ा के बाजारों में खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे नगर के बाजारों में रौनक बनी हुई है और दुकानदारों को भी लाभ मिल रहा है।

वैष्णो देवी यात्रा में उत्साह बरकरार

आंकड़ों के अनुसार, बुधवार, 21 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक लगभग 19 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

इसके बाद भी श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने और पंजीकरण करवाने का सिलसिला जारी रहा। मौसम सामान्य रहने और यात्रा सुविधाएं उपलब्ध होने से श्रद्धालु बिना किसी बड़ी परेशानी के मां के दर्शन कर रहे हैं।