विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कभी बारिश तो कभी धूप... मौसम के बदलते मिजाज के बीच मां वैष्णो देवी यात्रा जारी; नवरात्रों को लेकर खास तैयारी

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:26 PM (IST)

मौसम में लगातार बदलाव (बारिश और धूप) के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा उत्साहपूर्वक जारी है, जिसमें श्रद्धालु निरंतर भवन की ओर बढ़ रहे हैं।

कभी बारिश तो कभी धूप के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी। फाइल फोटो

कभी बारिश तो कभी धूप के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी। फाइल फोटो

HighLights

  1. यात्रा मौसम के उतार-चढ़ाव के बावजूद उत्साहपूर्वक जारी है

  2. शारदीय नवरात्रों के लिए भवन परिसर में सजावट का कार्य तेज

  3. सुरक्षा और सुविधाओं के लिए आपदा प्रबंधन दल तैनात

संवाद सहयोगी, कटड़ा। मौसम में पल-पल हो रहे बदलाव के बावजूद विश्व प्रसिद्ध मां वैष्णो देवी की यात्रा निरंतर जारी है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कभी ठंडी हवाओं, कभी हल्की बारिश तो कभी धूप का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है और उनके कदम निरंतर भवन की ओर बढ़ते रहे।

बीती रात से बुधवार सुबह तक कटड़ा सहित यात्रा मार्ग और भवन क्षेत्र में बीच-बीच में रिमझिम बारिश होती रही। बुधवार सुबह करीब 11 बजे के बाद मौसम में सुधार देखने को मिला। मौसम साफ होने के बाद श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान काफी राहत मिली।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा की आवश्यक प्रबंध

मौसम में सुधार के चलते बुधवार को अधिकांश समय हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध रही। इसके अलावा यात्रा से जुड़ी अन्य सभी सुविधाएं भी सामान्य रूप से जारी रहीं।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए यात्रा मार्ग पर श्राइन बोर्ड का आपदा प्रबंधन दल, पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व जवान लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। वर्तमान में मां वैष्णो देवी यात्रा के सभी मार्ग सुचारू हैं।

बुधवार को श्रद्धालु दिनभर पंजीकरण करवाकर परिवार और मित्रों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे। मां के भवन में दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी हाजिरी लगाते नजर आए।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही संख्या

उधर, आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले पवित्र शारदीय नवरात्रों को लेकर मां वैष्णो देवी भवन परिसर में सजावट का कार्य भी तेजी से जारी है। भवन क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और श्राइन बोर्ड की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बुधवार दोपहर दो बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम लगातार जारी था। मौसम में बदलाव के बावजूद यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।