किश्तवाड़ में लापता SPO की हत्या की गुत्थी सुलझी, पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा; जमीन विवाद में हत्या का खुलासा
किश्तवाड़ पुलिस ने लापता SPO की हत्या का मामला सुलझा लिया है, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

किश्तवाड़ में SPO की हत्या का खुलासा, दो संदिग्ध हिरासत में। (फाइल फोटो)
HighLights
किश्तवाड़ पुलिस ने SPO हत्या का मामला सुलझाया।
दो संदिग्ध बशीर अहमद डार और नजीर गिरफ्तार।
हथियार और छिपाया गया सामान बरामद किया गया।
जागरण संवाददाता, किश्तवाड़। किश्तवाड़ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस के एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर के लापता होने और उनकी हत्या के मामले को सुलझा लिया है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
15 अक्टूबर को बशीर अहमद के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि वे अपने सर्विस हथियार के साथ त्रिगाम पुलिस पिकेट से लापता हो गए हैं। यह जानकारी मिलते ही, कई टीमों को लगाकर एक व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
16 अक्टूबर को, तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एसपीओ का हथियार बरामद किया। इसके बाद, त्रिगाम के सेरान वानी इलाके के जंगल में एक नाले के गड्ढे से उनका शव भी बरामद किया गया, जहाँ उसे दफना दिया गया था।
इस घटना के बाद, किश्तवाड़ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसपीओ हत्याकांड में दो संदिग्धों से पूछताछ
जांच के दौरान, सेरान वानी (त्रिगाम) के रहने वाले दो संदिग्धों बशीर अहमद डार और नजीर अहमद डार की पहचान की गई। उनसे पूछताछ करने पर एसपीओ की हत्या के पीछे की साजिश और मकसद का पता चला।
बशीर अहमद की हत्या मामले में पुलिस की ओर से पकड़े गए दोनों आरोपी पिता-पुत्र हैं। पूछताछ में पता चला कि एसपीओ ने अपनी भूमि आरोपितों को बेचने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में वह पलट गया। इसी रंजिश में आरोपितों ने एसपीओ की हत्या कर दी।
आरोपियों के खुलासे के बाद, अपराध में इस्तेमाल हथियार और मृतक का छिपाया गया सामान बरामद कर लिया गया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
किश्तवाड़ जिला पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के अपने संकल्प पर पूरी तरह अडिग है।
