कटड़ा से चिनाब रेल ब्रिज तक चलेगी शटल ट्रेन? बढ़ेगा पर्यटन; रोजगार के रास्ते खुलेंगे, मंत्री को सौंपा ज्ञापन
भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित दुबे ने केंद्रीय रेल राज्यमंत्री वी. सोमन्ना से कटड़ा से अंजी और चिनाब रेल ब्रिज तक पर्यटकों ...और पढ़ें

कटड़ा से चिनाब रेल ब्रिज तक शटल ट्रेन की मांग।
HighLights
भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित दुबे ने रेल राज्यमंत्री वी. सोमन्ना को ज्ञापन सौंपा।
कटड़ा से अंजी और चिनाब रेल ब्रिज तक शटल ट्रेन की मांग।
शटल ट्रेन से पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
जागरण संवाददाता, कटड़ा। भाजपा जिला रियासी अध्यक्ष रोहित दुबे ने कटरा पहुंचे केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कटड़ा से अंजी और चिनाब रेल ब्रिज तक पर्यटकों के लिए खास शटल ट्रेन चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि चिनाब रेल ब्रिज विश्वभर में आकर्षण का केंद्र बन चुका है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि यदि कटड़ा से अंजी तथा चिनाब रेल ब्रिज तक शटल ट्रेन सेवा शुरू की जाती है तो इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं और व्यापारियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
रोहित दुबे ने कहा कि चिनाब रेल ब्रिज को पर्यटन सर्किट से जोड़ने के लिए रेल आधारित शटल सेवा एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है। उन्होंने मंत्री से मांग पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
कटड़ा पहुंचे केंद्रीय मंत्री, भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
बता दें कि केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना के शुक्रवार को कटड़ा पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने रेलवे स्टेशन पर उनका स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री वी. सोमन्ना रेलवे के इंस्पेक्शन कोच में सवार होकर विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब रेल ब्रिज के निरीक्षण के लिए रवाना हुए।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने भी उनके साथ यात्रा की। मंत्री ने चिनाब रेल ब्रिज सहित कटड़ा-बनिहाल रेलखंड से जुड़ी व्यवस्थाओं और रेलवे सुविधाओं का जायजा लिया।
रियासी विधायक ने भी सौंपा ज्ञापन
वहीं, रियासी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप राज दुबे ने भी केंद्रीय राज्य मंत्री को क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने रियासी क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने की मांग रखी।
