विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जयकारों से गूंजा कटड़ा, 9 दिवसीय प्रभात फेरी का भव्य समापन; मां वैष्णो देवी की भक्ति में लीन हुए श्रद्धालु

Published: Mon, 19 Oct 2026 04:45 PM (IST)

कटड़ा में शारदीय नवरात्र महोत्सव-2026 के तहत आयोजित नौ दिवसीय प्रभात फेरी का रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हो गया।

रामनवमी पर मां वैष्णो देवी के जयकारों से गूंजा कटड़ा, नौ दिवसीय प्रभात फेरी का समापन।

रामनवमी पर मां वैष्णो देवी के जयकारों से गूंजा कटड़ा, नौ दिवसीय प्रभात फेरी का समापन।

HighLights

  1. कटड़ा में नौ दिवसीय प्रभात फेरी का समापन रामनवमी पर

  2. स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया भक्तिमय माहौल में

  3. आयोजकों और सहयोगियों को सम्मानित किया गया सफल आयोजन हेतु

संवाद सहयोगी, कटड़ा। कटड़ा में शारदीय नवरात्र महोत्सव-2026 के तहत आयोजित नौ दिवसीय प्रभात फेरी का सोमवार को रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हो गया।

मां वैष्णो देवी के जयकारों, भजन-कीर्तन और ढोल की थाप के बीच निकली भव्य प्रभात फेरी में स्थानीय लोगों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

प्रभात फेरी का आयोजन जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से जम्मू-कश्मीर एसोसिएशन ऑफ प्रभात फेरी के सहयोग से किया गया। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी आयोजन में सहयोग दिया।

समापन अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलदेव राज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पर्यटन विभाग कटड़ा के सहायक निदेशक राजेश रैना विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मेडिकल सुपरिंटेंडेंट गोपाल दत्त और जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के पूर्व संयुक्त सचिव शिव कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। अतिथियों ने कटड़ा बस स्टैंड पर लाल फीता काटकर और नारियल फोड़कर प्रभात फेरी को रवाना किया।

प्रभात फेरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो के जम्मू-कश्मीर से संबंधित कलाकारों, स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं तथा दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए भक्तों ने भाग लिया। इस दौरान मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे निकिता ने प्रस्तुत किया।

मार्ग में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के जयकारे लगाते हुए और ढोल की थाप पर नृत्य करते हुए आगे बढ़े। विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं की भागीदारी ने कटड़ा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया।

इस अवसर पर विधायक बलदेव राज शर्मा ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए मां वैष्णो देवी से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने नौ दिनों तक प्रभात फेरी का सफल आयोजन करने के लिए जम्मू-कश्मीर एसोसिएशन ऑफ प्रभात फेरी के सदस्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन श्रद्धालुओं को पवित्र धाम से जोड़ने के साथ-साथ कटड़ा के नवरात्र महोत्सव की भव्यता को भी बढ़ाते हैं। वरिष्ठ नागरिक मंच के प्रधान रतन चंद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भी प्रभात फेरी में भाग लिया।

समापन अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले अतिथियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और एसोसिएशन के सदस्यों को सम्मानित किया गया। विधायक बलदेव राज शर्मा और पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक राजेश रैना को पारंपरिक पगड़ी, चुनरी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा आयोजन में सहयोग देने वाले विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और एसोसिएशन के सदस्यों को भी स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि ने वरिष्ठ पत्रकार राकेश शर्मा और हिमांशु पुरोहित को भी सम्मानित किया।

इसके बाद धार्मिक परंपराओं के अनुसार अतिथियों ने कन्या पूजन किया और श्रद्धालुओं व प्रतिभागियों में हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। इसी के साथ नौ दिवसीय प्रभात फेरी का समापन हुआ।

जम्मू-कश्मीर एसोसिएशन ऑफ प्रभात फेरी के प्रधान राज कुमार पाधा ने आयोजन की सफलता के लिए कटड़ा के लोगों और एसोसिएशन के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों, समन्वय और सहयोग से नौ दिवसीय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन रियासी, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग, सीआरपीएफ की छठी बटालियन कटड़ा, स्कूलों के विद्यार्थियों, नगर समिति कटड़ा, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और स्थानीय लोगों का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

इस अवसर पर एसोसिएशन के सदस्य अजय शर्मा, रमणिक नवादा, अमन महाजन, आरएस मनहास, रतन शर्मा, नीलम सिंह, राकेश शर्मा, सोहन ठाकुर, विशाल पंडित, संजय केसरी, मुनीश कपूर, रेणुजी धर, रतन चंद, बाबू राम, प्रकाश राज, राजेश गुप्ता, विमल शर्मा, पीएन कौल और सुमन कोतवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा बाबू राम दुबे, मुरलीधर, प्रशांत, संजय टिक्कू, पीएन रैना और संजेश सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।