नवरात्र में वैष्णो देवी में अभेद्य सुरक्षा, 500 से ज्यादा AI कैमरे और चप्पे-चप्पे पर जवान; संदिग्धों पर रहेगी पैनी नजर
नवरात्र के दौरान कटड़ा में मां वैष्णो देवी यात्रा के लिए अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 500 से अधिक ...और पढ़ें
-1791282490690_m.webp)
वैष्णो देवी पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद (फाइल फोटो)
HighLights
कटड़ा में नवरात्र के लिए अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई
500 से अधिक एआइ कैमरों से होगी लगातार निगरानी
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय
राकेश शर्मा, कटड़ा। पवित्र शारदीय नवरात्र महोत्सव और मां वैष्णो देवी यात्रा के दौरान कटड़ा में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी पूरी कर ली है।
आधार शिविर कटड़ा से लेकर भवन तक पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के साथ-साथ यातायात और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कटड़ा और यात्रा मार्ग के प्रमुख व संवेदनशील स्थानों पर 500 से अधिक एआइ (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों, भीड़ की स्थिति और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कटड़ा और भवन में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) को भी पूरी तरह सक्रिय किया गया है। यहां से एआइ आधारित कैमरों सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की गतिविधियों पर बारीकी से निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसी भी असामान्य गतिविधि या भीड़ के दबाव की स्थिति में तत्काल संबंधित टीमों को सक्रिय किया जा सकेगा।
कटड़ा से भवन तक त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
नवरात्र के दौरान मां वैष्णो देवी भवन परिसर, सभी यात्रा मार्गों और आधार शिविर कटड़ा में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस के साथ सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के जवान भी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
इसके साथ ही ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। कटड़ा के साथ लगते प्रवेश मार्गों और विभिन्न सुरक्षा चौकियों के अलावा यात्रा मार्ग पर स्थापित चौकियों पर भी अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस और सीआरपीएफ की अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। कटड़ा में आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों के साथ ही यात्रा मार्ग पर भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा कर्मियों को भीड़ के बीच लगातार गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
घोड़ा-पिट्ठू और पालकी श्रमिक भी निगरानी के दायरे में
मां वैष्णो देवी भवन जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्य करने वाले घोड़ा, पिट्ठू और पालकी श्रमिकों की भी जांच की जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इनके पहचान पत्रों की जांच की जा रही है, ताकि यात्रा मार्ग पर काम करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की जा सके। सुरक्षा एजेंसियां यात्रा मार्ग पर कार्य करने वाले श्रमिकों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर बनाए हुए हैं।
यातायात व भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस
नवरात्र के दौरान कटड़ा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की है। प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा भीड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। यात्रा मार्ग पर भी भीड़ की स्थिति के अनुसार सुरक्षा और यातायात कर्मियों को तैनात किया जा रहा है।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को दें सूचना
एसएसपी रियासी मुकंद तिब्रेवाल ने कहा कि नवरात्र के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटड़ा पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कटड़ा से भवन तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ एआइ युक्त सीसीटीवी कैमरों और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
एसएसपी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा व यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी को दें। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि नवरात्र के दौरान मां वैष्णो देवी की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
