विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर वालों की बल्ले-बल्ले! जम्मू-श्रीनगर के बीच दौड़ेगी तीसरी वंदे भारत, उधमपुर में भी होगा ठहराव

Published: Thu, 20 Aug 2026 04:49 PM (IST)

जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच चलने वाली तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस को शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर स्टेशन पर ...और पढ़ें

जम्मू से श्रीनगर तक चलेगी तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस (जागरण ग्राफिक्स)

जम्मू से श्रीनगर तक चलेगी तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस (जागरण ग्राफिक्स)

HighLights

  1. तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस का उधमपुर में ठहराव।

  2. जम्मू-श्रीनगर के बीच तेज रेल सेवा का विकल्प।

  3. उधमपुर की कनेक्टिविटी, पर्यटन और कारोबार को लाभ।

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। उधमपुर की रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी खबर है। जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच चलने वाली तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस को शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर स्टेशन से होकर चलाने की स्वीकृति मिल गई है। ट्रेन संख्या 26407/26408 के रूप में संचालित होने वाली इस नई वंदे भारत का उधमपुर में ठहराव भी रहेगा। लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे जिले के यात्रियों को इससे जम्मू और श्रीनगर के बीच तेज रेल सेवा का एक और विकल्प मिल गया है।

नई वंदे भारत का उधमपुर में ठहराव जिले के उन यात्रियों के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण है, जिन्हें नौकरी, कारोबार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी कामों के सिलसिले में जम्मू, श्रीनगर आना-जाना पड़ता है। अब उन्हें इस सेवा का लाभ लेने के लिए पहले जम्मू या किसी अन्य स्टेशन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उधमपुर से ही वंदे भारत में सवार होकर जम्मू से श्रीनगर तक की यात्रा की जा सकेगी।

तीसरी वंदे भारत के ठहराव से उधमपुर को फायदा

जम्मू-श्रीनगर रेल संपर्क के विस्तार के साथ उधमपुर की अहमियत भी बढ़ रही है। तीसरी वंदे भारत का ठहराव मिलने से जिले को आधुनिक और तेज रेल सेवा से सीधा जुड़ाव मिलेगा। इसका लाभ स्थानीय यात्रियों के अलावा पर्यटन और कारोबार से जुड़े लोगों को भी मिलने की उम्मीद है। उधमपुर से वैष्णो देवी, पटनीटॉप, सुधमहादेव और अन्य पर्यटन क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी का रास्ता खुल सकता है।

रेलवे की ओर से जम्मू-कश्मीर में रेल सेवाओं के विस्तार के बीच उधमपुर में तीसरी वंदे भारत का ठहराव जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। नई सेवा जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर होकर चलेगी। इससे उधमपुर की जम्मू-श्रीनगर रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

जितेंद्र सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का जताया आभार

इस फैसले की जानकारी केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स पर पोस्ट के माध्यम से साझा की। उन्होंने इसे उधमपुर के लोगों के लिए अच्छी खबर बताते हुए कहा कि स्थानीय आबादी की लोकप्रिय मांग और उनके अनुरोध पर रेलवे मंत्रालय ने यह सकारात्मक निर्णय लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्र की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील रुख की सराहना करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपनी पोस्ट के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से भेजा गया पत्र भी साझा किया है। पत्र में जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी गई है। इसके अनुसार यह रेलगाड़ी जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच वाया शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर होकर चलेगी।

रेल संपर्क होगा बेहतर

ट्रेन संख्या 26407/26408 जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी और उधमपुर स्टेशन पर इसका ठहराव रहेगा। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के लोगों की मांग को प्राथमिकता देने और उधमपुर को बेहतर रेल संपर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।