पौनी में नहीं हो रहे दूरदर्शन के दर्शन
संवाद सहयोगी पौनी कस्बे में 15 साल से लगा दूरदर्शन टावर लोगों के लिए शोपीस बना हुआ है
संवाद सहयोगी, पौनी : कस्बे में 15 साल से लगा दूरदर्शन टावर लोगों के लिए शोपीस बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों को दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम देखने को नहीं मिल रहे हैं। पंद्रह वर्ष पहले जब इलाके में दूरदर्शन टावर नहीं लगा था तो लोगों को डीडी नेशनल पर प्रसारित होने वाले हर कार्यक्रम देखने को मिलते थे, लेकिन जब से पौनी में टावर लगा है लोगों के टीवी बिल्कुल ही बंद हो चुके हैं।कुछ दिनों से निशुल्क डिश टीवी के चैनल भी बंद हो गए हैं, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अमीर लोगों ने तो डीटीएच खरीद लिए हैं, लेकिन गरीब लोगों के लिए डीटीएच खरीदने के लिए इतने पैसे नहीं हैं। पिछले कई दिनों से डिश टीवी के चैनल बंद होने व पौनी में लगा दूरदर्शन टावर बंद होने से लोग टीवी पर देश दुनिया के तमाम प्रकार की गतिविधियों को नहीं देख पा रहे हैं। इस संबंध में दूरदर्शन जम्मू में तैनात अधिकारी से बात करने के बाद कस्बे में लगे दूरदर्शन टावर को चालू करवाने के लिए भी बात की गई है।