खाई में गिरी अनियंत्रित बस, 31 यात्री घायल
संवाद सहयोगी ऊधमपुर शनिवार दोपहर खोरगली से ऊधमपुर आ रही बस चालक के नियंत्रण खोने स
संवाद सहयोगी, ऊधमपुर : शनिवार दोपहर खोरगली से ऊधमपुर आ रही बस चालक के नियंत्रण खोने से खोरगली से दो किलोमीटर आगे लाली क्षेत्र में खाई में जा गिरी। हादसे में बस में सवार 31 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही मोंगरी व पंचैरी गांव से भी लोग घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते घायल पड़े यात्रियों को बाहर निकाला। वहीं स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को भी सूचित किया गया। वहीं दूसरी तरफ हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व मौंगरी पीएचसी व पंचैरी अस्पताल से भी एंबुलेंस घायल हुए यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने के लिए रवाना हो गई। घटना स्थल पर पहुंची एंबुलेंस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए मौंगरी पीएचसी अस्पताल पहुंचाया जहां पर डाक्टरों ने घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बीस घायलों को जिला अस्पताल ऊधमपुर रेफर कर दिया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही कई शहर के लोग भी जिला अस्पताल ऊधमपुर पहुंचे।