दोस्तों के साथ श्रीनगर घूमने निकला था हितेश, रामबन में फ्लाईओवर से 200 फीट नीचे कैसे गिरा? जानिए पूरा मामला
ऊधमपुर निवासी हितेश शर्मा की रामबन के गांगरू में फ्लाईओवर से 200 फीट नीचे गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ...और पढ़ें

फ्लाईओवर से 200 फीट नीचे गिरा ऊधमपुर का युवक, मौत। (फाइल फोटो)
HighLights
ऊधमपुर निवासी हितेश शर्मा की फ्लाईओवर से गिरकर मौत।
रामबन के गांगरू में 200 फीट नीचे गिरने का हादसा।
पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। रामबन जिला के रामसू के गांगरू इलाके में ऊधमपुर निवासी युवक हितेश शर्मा की फ्लाईओवर से करीब 200 फीट नीचे गिरने से मौत हो गई। हादसा संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ। बताया जा रहा है कि हितेश दोस्तों के साथ श्रीनगर की ओर घूमने जा रहा था और हाईवे पर जाम के दौरान वाहन से नीचे उतरा था। पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 11 बजे गांगरू में हाईवे पर जाम लगा हुआ था। इसी दौरान हितेश वाहन से नीचे उतरा। कथित तौर पर वह फ्लाईओवर की सीमेंट की रेलिंग पर चढ़कर दूसरी ओर जाने का प्रयास कर रहा था। माना जा रहा है कि जाम के दौरान वह लघुशंका के लिए फ्लाईओवर की दूसरी ओर जाना चाहता था।
करीब 200 फीट नीचे पत्थरों पर गिरा युवक
रात के अंधेरे में उसे दोनों ओर की रेलिंग के बीच मौजूद दूरी का सही अंदाजा नहीं लगा और वह नीचे गिर गया। फ्लाईओवर के नीचे काफी बड़े पत्थर मौजूद थे। करीब 200 फीट की ऊंचाई से उन पर गिरने के कारण हितेश को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोस्तों को काफी देर बाद चला युवक के गिरने का पता
घटना के समय कार में मौजूद उसके दोस्तों को शुरुआत में उसके नीचे गिरने का पता नहीं चला। बाद में अन्य वाहन चालकों और ट्रक चालकों ने उन्हें घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। युवक वास्तव में किन परिस्थितियों में फ्लाईओवर से गिरा, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने फ्लाईओवर के बीच मौजूद खुले गैप को सुरक्षित तरीके से कवर करने और पैदल लोगों की आवाजाही के लिए उचित एवं सुरक्षित व्यवस्था करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
