हाईवे के जाम में फंसकर परेशान हुए शहरवासी
जागरण संवाददाता ऊधमपुर नाशरी में मंगलवार तड़के हुए भूस्खलन की वजह से मंगलवार को हाई
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : नाशरी में मंगलवार तड़के हुए भूस्खलन की वजह से मंगलवार को हाईवे पर लगे जाम में पूरा ऊधमपुर शहर उलझ गया। जाम की वजह से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बाईपास, जम्मू-श्रीनगर हाईवे और धार रोड पर भीषण जाम लग गया, जिसमें फंसकर हर आम और खास परेशान हुआ।
मंगलवार तड़के समरोली में भूस्खलन होने से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया। चिनैनी-नाशरी सुरंग से लेकर समरोली तक ट्रकों की कतार लग गई। हाईवे बंद होने की वजह से समरोली तक फंसे ट्रकों के चालक ट्रकों में सो गए। तकरीबन डेढ़ घंटे बाद हाईवे पर गिरा मलबा हटाकर हाईवे खोल दिया गया। मगर ट्रक चालकों के सो जाने की वजह से यातायात रुक गया। यातायात पुलिस ने ट्रक चालकों को जगाकर उनके ट्रकों को आगे बढ़ाना शुरू किया। मगर इसी बीच बिजली की समस्या के चलते टनल पर टोल टैक्स पर्ची काउंटर कई बार बंद हुआ। इस वजह से भी यातायात प्रभावित हुआ। इसी बीच एक छोटा सैन्य कॉनवाई रामबन की तरफ रवाना हुआ। इस काफिले के वाहनों के ट्रकों व घाटी जाने वाले वाहनों को ओवरटेक करने की वजह से भी जाम की समस्या बढ़ गई।
हाईवे पर लगे भीषण जाम का असर मंगलवार को सिर्फ हाईवे तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इस जाम ने पूरे शहर में यातायात व्यवस्था को घंटों तक प्रभावित रखा। एक तरफ हाईवे पर ट्रक फंसे थे, तो दूसरी तरफ जम्मू से छोड़े गए यात्री वाहनों के सैकड़ों की तादाद में ऊधमपुर पहुंचने पर उनको जखैनी और उससे पीछे रोक देने से जखैनी से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बाईपास, शहर के बीच से गुजरने वाले पुराने जम्मू-श्रीनगर हाईवे के साथ ही धार रोड पर भी जाम लग गया। यह जाम जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सुभाष चौक से ओमाड़ा मोड़ के भी पीछे चला गया। यही हालत सुभाष चौक पर धार रोड की भी रही। जाम धार रोड सुभाष चौक से राज सिनेमा, डीसी दफ्तर से सलाथिया चौक तक पहुंच गया। हाईवे पर लगा जाम खुलने के बाद दिन मे 11 बजे के बाद स्थिति में थोड़ा सुधार होने लगा। दोपहर 12 बजे तक शहर में लगा जाम समाप्त हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली। जाम से मिनटों का सफर हुआ घंटों का
मंगलवार को जाम में उलझे शहर के लोग परेशान और बेहाल रहे। काफी समय बाद इस तरह के जाम की स्थिति बनी। पहले हाईवे बंद होने पर इस तरह का जाम लगता रहा, लेकिन कई महीनों बाद इस तरह की स्थिति ने लोगों को फिर से परेशान किया। जाम में फंसकर वाहनों के पहिये पूरी तरह थम गए। ये काफी देर तक एक ही जगह पर थमे रहे, या फिर रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। शहर में एक से दूसरी जगह तक पहुंचने का जो सफर चंद मिनटों में पूरा हो जाता है, जाम ने उस सफर को घंटों का बना दिया। कुछ लोग जो अपने वाहनों को जाम के बीच में मोड़ पाए, वे अन्य वैकल्पिक मार्गो को अपना कर अपने गंतव्य तक पहुंचे। मगर इन वैकल्पिक मार्गो पर भी बड़ी संख्या में वाहन होने की वजह से यहां भी काफी भीड़ रही। कई बार तो स्थिति इतनी खराब हुई कि दोपहिया वाहनों के गुजरने तक का रास्ता भी नहीं रहा। वीआइपी मार्ग पर भी फंसे वाहन
जम्मू-श्रीनगर हाईवे बाईपास मार्ग को धार रोड से जोड़ने वाले वीआइपी मार्ग पर भी जाम रहा। हाईवे बाईपास और धार रोड होते हुए शहर को आने का शार्टकट मार्ग है। जाम लगते ही लोग हाईवे बाईपास मार्ग पर पहुंचे और वहां से शहर में आने के लिए वीआइपी मार्ग को अपनाना शुरू किया। इस मार्ग पर भी जाम की स्थिति घंटों तक बनी रही। इसके अलावा लोगों ने भारत नगर, संगूर, आदर्श कॉलोनी, बाडयां सहित अन्य वैकल्पिक मार्गो को अपनाया। जाम की वजह से ओसू कैरा, घोरड़ी बरमीन के साथ रेलवे स्टेशन जाने वाले लोग भी परेशान हुए। आवश्यक चीजों की सप्लाई भी पहुंची देरी से
मंगलवार को हाईवे पर लगे जाम में उलझे शहर में दूध, ब्रेड व अन्य आवश्यक वस्तुओं की पूíत करने वाले वाहन भी फंसे थे, जिस वजह से इन जरूरी चीजों के पहुंचने में भी देरी हुई। लोगों को इन चीजों के लिए इंतजार करना पड़ा। दूध सप्लाई लेकर आने वालों ने सिर पर दूध के कैन उठाकर पैदल चलकर दूध की सप्लाई को पहुंचाया। पैदल अपनी मंजिल तक पहुंचने को लोग हुए मजबूर
जाम की वजह से आम लोग काफी परेशान हुए। सरकारी दफ्तरों को आने वाले तथा स्कूल-कॉलेज को आने वाले विद्यार्थी भी परेशान हुए। जाम की वजह से यात्री वाहन भी फंसे रहे। इससे लोगों को पैदल ही आना-जाना पड़ा। इस वजह से लोग दफ्तरों और स्कूल कॉलेज देरी से पहुंचे।