सीआरपीएफ जवान ने तीन साथियों को गोलियों से भून खुद को गोली मारी
जागरण संवाददाता ऊधमपुर शहर के औद्योगिक क्षेत्र बट्टल वालियां में सीआरपीएफ की 187वीं बट
जागरण संवाददाता ऊधमपुर : शहर के औद्योगिक क्षेत्र बट्टल वालियां में सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन के कैंप में बुधवार रात जवानों में किसी बात को लेकर हुई बहस ने खूनी रूप ले लिया। एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से तीन साथियों की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। बाद में खुद को भी गोली मार ली। जवान को गंभीर हालत में सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसे पेट व पैर में गोली लगी है।
गोली चलाने वाल जवान की पहचान कांस्टेबल अजीत कुमार निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मृतकों में हेड कांस्टेबल जोगिंदर कुमार, हेड कांस्टेबल पोखर मल और हेड कांस्टेबल उम्मीद सिंह शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि रात करीब दस बजे कांस्टेबल अजीत कुमार की किसी बात को लेकर पोखर मल, उम्मीद सिंह व जोगिंदर सिंह के साथ कहासुनी हो गई। बात बढ़ गई और कांस्टेबल अजीत ने अपना आपा खो दिया। उसने अपनी सर्विस राइफल निकाली और तीनों पर गोलियां दाग दी। इसके बाद अजीत ने खुद को भी गोली मार ली। गालियों की आवाज से कैंप में अफरा-तफरी मच गई। सभी ने पहले समझा कि आतंकी हमला हुआ है। अन्य जवान व अधिकारी मौके पर पहुंचे तो स्थिति कुछ और निकली। खून से लथपथ चारों को जिला अस्पताल ऊधमपुर ले जाया गया। जहां पोखर मल, उम्मीद सिंह व जोगिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल अजीत को सैन्य अस्पताल ऊधमपुर रेफर कर दिया गया।
इस बीच, 187वीं बटालियन के कमांडेंट हरिदर सिंह व 137वीं बटालियन के कमांडेंट खालिद भी जिला अस्पताल पहुंचे। कमांडेंट हरिदर सिंह ने कहा कि यह आतंकी हमला नहीं है। उन्होंने आपसी रंजिश से भी इन्कार किया। उन्होंने इतना जरूर कहा कि तीन हवलदार रैंक के जवानों की मौत हुई है और गोली चलाने वाला जवान भी घायल है।