अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दे मांगी परिवार की सुख-समृद्धि
जागरण संवाददाता ऊधमपुर नहाय खाय के साथ शुरू हुए छठ महापर्व को लेकर शनिवार को ऊधम
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : नहाय खाय के साथ शुरू हुए छठ महापर्व को लेकर शनिवार को ऊधमपुर के बिल्लन बावली क्षेत्र में खासी रौनक देखने को मिली। बिल्लन बावली को सजाया गया था। शाम को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि व कुशलता की कामना की।
इस अवसर पर व्रतियों ने बताया कि चार दिवसीय छठ महापर्व नहाय खाय से वीरवार को शुरू हुआ। बिहार एवं पूर्वाचल क्षेत्रों से आकर ऊधमपुर में रहने वाले लोगों ने अपने घरों के आसपास बनी बावलियों, पावन देविका नदी, सूर्य पुत्री तवी नदी व अन्य जलाशयों में स्नान कर पूजा-अर्चना की। शुक्रवार को छठी मईया के गीतों का गुणगान करते हुए व्रतियों ने खरना का प्रसाद तैयार किया और कुल देवता की पूजा की। इस पूजा को लेकर तड़के से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। इसके बाद शाम को चंद्रअस्त होने के साथ व्रतियों ने सूर्य भगवान को साक्षी मान 36 घंटों का निराहार व्रत का संकल्प लेकर व्रत शुरू किया।
शनिवार को बिल्लन बावली पर छठ महापर्व के चलते अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए विशेष सजावट की गई थी। शाम से ही व्रती महिलाएं यहां पहुंचने लगीं। शाम को सभी व्रतियों ने मिलकर छठ मईया का पूजन विधिवत और पारंपरिक तरीके से किया। जिसके बाद व्रतियों ने शाम को अस्त होते सूर्य देव को अर्घ्य देकर अपनी परिवार की कुशलता की कामना की। रविवार सुबह व्रती उदयमान सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत संपन्न करेंगी।