विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 21, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रामनगर में मृत बच्चों के परिजनों से मिली केंद्रीय टीम

By JagranEdited By:
Published: Tue, 21 Jan 2020 02:37 AM (IST)Updated: Tue, 21 Jan 2020 06:21 AM (IST)

जागरण संवाददाता ऊधमपुर रामनगर मेडिकल ब्लॉक में अज्ञात रोग के कारण हुई दस बच्चों क

रामनगर में मृत बच्चों के परिजनों से मिली केंद्रीय टीम
रामनगर में मृत बच्चों के परिजनों से मिली केंद्रीय टीम

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : रामनगर मेडिकल ब्लॉक में अज्ञात रोग के कारण हुई दस बच्चों की मौत के कारणों की जांच करने के लिए केंद्रीय जांच टीम सोमवार को रामनगर पहुंची। टीम ने पहले दिन अब तक हुई जांच की रिपोर्टो का अध्ययन किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। इसके बाद मरने वाले बच्चों के घरों में भी गई और उनके परिवार के लोगों से बातचीत कर जानकारियां जुटाई।

रामनगर में बच्चों की अज्ञात रोग के कारण मौतों की जांच के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा भेजी गई पांच डॉक्टरों की टीम सोमवार को रामनगर पहुंची। इस टीम में सफदरजंग अस्तपातल नई दिल्ली के पिडियाट्रिक स्पेशलिस्ट डॉ. सुमित मेंहदीरत्ता, नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल दिल्ली के डिप्टी डायरेक्टर (माइक्रोबायोलॉजी) डॉ. महेश वाघमारे, नेशनल सेंटर फार डिजीज कंट्रोल दिल्ली की असिस्टेंट डायरेक्टर (एपिडेमालोजी) डॉ. सुनीत कौर, एनआइवी पुणे से माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. शिल्पा तोमर, एनआइवी पुणे से डॉ. अविनाश देओश्तवार सुबह नौ बजे रामनगर पहुंचे।

रामनगर पहुंचते ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मारे गए बच्चों से संबंधित जानकारियां ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की अब तक के जांच रिकॉर्ड को देखने के साथ लिए गए सैंपलों की जानकारी भी ली। करीब दो घंटों के बाद हेल्थ सर्विसेज जम्मू की डायरेक्टर डॉ. रेणु शर्मा भी रामनगर पहुंचीं। केंद्रीय टीम ने उससे भी बातचीत कर जानकारियां हासिल की।

दोपहर बाद डायरेक्टर हेल्थ वापस रवाना हो गई, जबकि जांच टीम रात आठ बजे तकरामनगर में ही रही। इस दौरान केंद्रीय जांच टीम ने अज्ञात रोगों से मरने वाले कुछ बच्चों के घरों में जाकर उनके परिवार के लोगों के साथ मुलाकात की। उन्होंने परिवार से बातचीत कर भी कई जानकारियां जुटाई। इसके बाद रात आठ बजे टीम ऊधमपुर के लिए रवाना हो गई। केंद्रीय जांच टीम मंगलवार को भी रामनगर में जांच के लिए फिर से आएगी।

इस बारे में सीएमओ ऊधमपुर से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच टीम की जांच से संबंधित पहलुओं पर वह जानकारी देने में असमर्थ हैं। इस संबंध में जानकारी केवल स्वास्थ्य निदेशक ही दे सकती हैं।