विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पाकिस्तान रक्षक नहीं, आतंकवाद का गढ़', फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भड़की BJP; उमर और कांग्रेस से मांगा जवाब

Published: Sun, 25 Oct 2026 03:06 PM (IST)

विधायक रणबीर सिंह पठानिया ने डॉ. फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान को जम्मू-कश्मीर का रक्षक बताने वाले बयान पर आपत्ति जताई ...और पढ़ें

फारूक के बयान पर पठानिया ने उठाए सवाल, कांग्रेस और उमर से भी कहा रुख करो स्पष्ट।

फारूक के बयान पर पठानिया ने उठाए सवाल, कांग्रेस और उमर से भी कहा रुख करो स्पष्ट।

HighLights

  1. पठानिया ने फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान संबंधी बयान पर आपत्ति जताई।

  2. कांग्रेस और उमर अब्दुल्ला से इस संवेदनशील मुद्दे पर स्पष्टीकरण मांगा।

  3. उधमपुर पूर्व में दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया पठानिया ने।

जागरण संवाददाता, उधमपुर। उधमपुर पूर्व के विधायक रणबीर सिंह पठानिया ने डॉ. फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान को जम्मू-कश्मीर का रक्षक बताने संबंधी कथित बयान पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा भारतीय संविधान, सुरक्षा बलों के बलिदान और लोगों के साहस से मजबूत हुई है, न कि सीमा पार से आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पाकिस्तान से।

उन्होने यह बातें पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में दौरे के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने आतंकवाद और सीमा पार शत्रुता के कारण लंबे समय तक कठिनाइयों का सामना किया है। ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीतिक नेतृत्व को जिम्मेदारी से अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का भविष्य शांति, विकास, लोकतांत्रिक संस्थाओं और जवाबदेह शासन पर आधारित होना चाहिए।

पठानिया ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर चुनावी वादे पूरे करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, बुनियादी सुविधाओं की कमी, जन शिकायतों और प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

उनके अनुसार, जनता को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय बेहतर सड़कें, रोजगार के अवसर और पारदर्शी प्रशासन चाहिए। सरकार के कामकाज का आकलन घोषणाओं के बजाय धरातल पर हुए विकास से होना चाहिए।

इस दौरान पठानिया ने उधमपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में दो सड़क परियोजनाओं पलनू के गडाला कांडी सड़क और खून से सलतान सड़क के काम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं।

पठानिया ने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने उधमपुर पूर्व में बेहतर संपर्क व्यवस्था और जन सुविधाओं को अपनी प्राथमिकता बताया।