रियासी थाने में 500 हथियार जमा कराए
संवाद सहयोगी रियासी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के मुत
संवाद सहयोगी, रियासी : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक लोग अपने लाइसेंसी हथियार नजदीकी पुलिस थानों में जमा करवा रहे हैं। बुधवार तक रियासी पुलिस थाने में करीब 500 हथियार जमा किए जा चुके थे।
कुछ दिनों से रियासी पुलिस थाने में हथियार जमा करवाने वालों की लाइन लग रही है। इसके लिए पुलिस विभाग ने विशेष काउंटर लगाया है, जहां पूरी जांच पड़ताल के बाद हथियार जमा किए जा रहे हैं। बता दें कि चुनाव के मद्देनजर कुछ दिन पहले जिला प्रशासन ने ऑटो रिक्शा से इलाके में घोषणा कर लोगों को अपने लाइसेंसी हथियार नजदीकी पुलिस थाने में जमा करवाने के लिए कहा था। उसके बाद से लोगों ने पुलिस थाने में अपने हथियार जमा करवाना शुरू कर दिए, लेकिन इसमें तेजी तब आई जब लोगों को पता चला कि राजौरी में प्रशासन के निर्देश का पालन न कर अपने लाइसेंसी हथियार जमा करवाने से परहेज करने वालों के खिलाफ पुलिस थानों में मामले दर्ज किए गए हैं। अगली कार्रवाई में उनके लाइसेंस भी रद किए जा सकते हैं। रियासी में भी सख्ती हो सकती है। इसके मद्देनजर जो लोग पहले अपने हथियार जमा करवाने में संकोच कर रहे थे, अब वे हथियार जमा करवाने शुरू कर दिए हैं। जिले में हैं 3064 लाइसेंसी हथियार
रियासी जिले में जारी किए गए लाइसेंसी हथियारों का आंकड़ा 3064 है। लोग नजदीकी पुलिस थानों में अपने हथियार जमा करवा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार तक रियासी पुलिस थाने में करीब पांच सौ हथियार जमा किए गए। इनमें अधिकांश 12 बोर की बंदूकें हैं, जबकि कुछ लोगों ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल भी जमा करवा दिए। बुधवार को ऑटो रिक्शा से पुलिस ने घोषणा करवा कर उन्हें हथियार जमा करवाने की सूचना दी। हथियार जमा करवाने का अंतिम दिन 27 मार्च निर्धारित किया गया था, जिसे बढ़ाकर अब 30 मार्च कर दिया है। रियासी के एसएचओ अश्विनी शर्मा ने बताया कि जिन लोगों ने 30 मार्च तक अपने हथियार जमा नहीं करवाए, उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जाएंगे।