विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊधमपुर में एक दिन में तीन मौतें! कहीं अचेत मिला युवक तो कहीं फंदे से लटके मिले शव, जांच में जुटी पुलिस 

Published: Wed, 09 Sep 2026 05:57 PM (GMT+05:30)

ऊधमपुर शहर में अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस ...और पढ़ें

ऊधमपुर में तीन संदिग्ध मौतों से मचा बवाल। (फाइल फोटो)

ऊधमपुर में तीन संदिग्ध मौतों से मचा बवाल (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ऊधमपुर में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।

  2. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी भेजा।

  3. मृतकों में अमन शर्मा, माया देवी और साहिल कुमार शामिल।

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। शहर में अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। तीनों मामलों की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी ऊधमपुर पहुंचाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने संबंधित मामलों में जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पहली घटना ऊधमपुर शहर के मेटाडोर स्टैंड के पास सामने आई। यहां लोगों ने एक युवक को अचेत अवस्था में देखा और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस स्टेशन ऊधमपुर की टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक की मौत हो चुकी थी।

शव को जीएमसी ऊधमपुर के शवगृह में पहुंचाया गया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अमन शर्मा, निवासी वार्ड नंबर 11, शिव नगर ऊधमपुर के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाया गया और शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस अब मौत के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

गोल मार्केट में घर में मिला महिला का शव

दूसरी घटना शहर के गोल मार्केट इलाके में हुई, जहां 38 वर्षीय माया देवी, निवासी लद्दा मोंगरी और वर्तमान में गोल मार्केट में रह रही थीं का शव घर में लगाए गए फंदे से लटकता हुआ मिला। परिवार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया।

महिला को जीएमसी ऊधमपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।

22 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला

तीसरा मामला शहर के वार्ड नंबर 20 के स्याल इलाके से सामने आया। यहां 22 वर्षीय साहिल कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को जीएमसी ऊधमपुर पहुंचाया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत से जुड़े विभिन्न पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों को स्पष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।