गणपति विसर्जन के साथ गणेश महोत्सव का समापन
जागरण संवाददाता ऊधमपुर जिले में विभिन्न स्थानों पर आयोजित गणेश महोत्सव का वीरवार को भ
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : जिले में विभिन्न स्थानों पर आयोजित गणेश महोत्सव का वीरवार को भगवान गणपति की प्रतिमा विसर्जन के साथ समापन हो गया। इससे पहले विभिन्न स्थानों पर भगवान गणेश जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
चबूतरा बाजार स्थित पंच मुखी हनुमान मंदिर में जारी गणेश महोत्सव का समापन किया गया। इसमें गणेश महोत्सव का आयोजन करने वाले स्थानीय लोगों व स्वर्णकारों ने हवन व पूजन किया। इसके बाद दोपहर को भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। जो शहर से होते हुए बाबा पैड़ देव स्थान पर पहुंची। यहां पर तवी नदी में विधिवत पूजन के बाद गणपति बप्पा मोरया के जयघोषों के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसी तरह पांडव मंदिर में आयोजित गणेश महोत्सव पूजन कार्यक्रम भी गणेश भगवान की प्रतिमा के विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। गौतम सेनसन के साथ अन्य लोगों व संत महात्माओं ने विधिवत भगवान गणेश की पूजा अर्चना कर उनकी प्रतिमा को बाबा पैड़ देव स्थान पर विसर्जन किया।
इसी तरह चबूतरा बाजार स्थित पचयाला चौक में आयोजित गणेश महोत्सव का समापन हो गया। आयोजकों की ओर से प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई। भगवान गणेश की प्रतिमा को पूरे शहर में घुमाने क बाद बाबा पैड़ देव स्थान में तवी नदी में विसर्जित किया गया। इससे पहले सुबह 8 बजे हवन यज्ञ और दोपहर को पूर्णाहुति डाली गई। भंडारा का भी आयोजन किया गया।