जाना दुबई था, पहुंचा दिया कहीं और... विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी से सावधान, जम्मू में क्राइम ब्रांच ने किया अलर्ट
क्राइम ब्रांच ने युवाओं को विदेश में नौकरी के नाम पर मानव तस्करी और साइबर गुलामी के जाल में फंसाने ...और पढ़ें

विदेश में नौकरी का झांसा, फिर साइबर गुलामी के जाल में फंस रहे युवा। (फाइल फोटो)
HighLights
फर्जी एजेंसियां विदेश में नौकरी का लालच दे रही हैं।
युवा मानव तस्करी और साइबर गुलामी के शिकार हो रहे हैं।
डीआइजी ने नौकरी प्रस्तावों की पूरी जांच करने की सलाह दी।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी कमाई का सपना कहीं मानव तस्करी के जाल में न बदल जाए। क्राइम ब्रांच के डीआइजी अब्दुल कयूम ने आगाह किया कि फर्जी भर्ती एजेंसियां युवाओं को विदेश में नौकरी का लालच देकर शोषण के खतरनाक नेटवर्क में फंसा रही हैं।
कयूम के मुताबिक, कुछ गिरोह दुबई में नौकरी दिलाने का वादा करते हैं, लेकिन पीड़ितों को थाईलैंड समेत दूसरे देशों के रास्ते कहीं और पहुंचा देते हैं।
वहां उनके पासपोर्ट छीनने, अवैध गतिविधियों में धकेलने और कानूनी मदद से दूर रखने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। इस तरह के मामलों में 'साइबर गुलामी' भी चिंता का विषय बन रही है।
थाईलैंड-म्यांमार से पीड़ितों को बचाकर लाया गया
डीआइजी ने बताया कि थाईलैंड और म्यांमार समेत कई देशों से पीड़ितों को बचाकर वापस लाया गया है। हालांकि, कुछ पीड़ित जांच में सहयोग करने से हिचकते हैं, जिससे आरोपियों तक पहुंचना और उन्हें सजा दिलाना मुश्किल होता है।
दूसरे राज्यों से भी लोगों को इस जाल में फंसाए जाने की बात सामने आई है।
विदेश में नौकरी का प्रस्ताव मिले तो पहले करें जांच
पुलिस, जांच एजेंसियां और जिला स्तरीय मानव तस्करी रोधी इकाइयां मिलकर कार्रवाई कर रही हैं। कयूम ने लोगों से अपील की कि विदेश जाने से पहले भर्ती एजेंसी और नौकरी के प्रस्ताव की पूरी जांच करें तथा बिना सत्यापन पैसे न दें।
