कौन है कश्मीरी युवक फहीम नजीर डार? PM मोदी के समर्थन में नारे लगाने पर दिल्ली में पीटा; बचपन में अलग हो गए थे माता-पिता
दिल्ली में कश्मीरी युवक फहीम नजीर के साथ कथित मारपीट के विरोध में श्रीनगर में भाजपा युवा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन ...और पढ़ें

कश्मीरी युवक फहीम नजीर डार। फाइल फोटो
HighLights
दिल्ली में कश्मीरी युवक फहीम नजीर से मारपीट का मामला।
श्रीनगर में भाजपा युवा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन।
कांग्रेस और आइएनडीआइए गठबंधन पर साधा गया निशाना।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। दिल्ली में कश्मीरी युवक फहीम नजीर के साथ कथित मारपीट का मामला अब कश्मीर तक पहुंचा गया है। शुक्रवार को श्रीनगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में गुपकार रोड पर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस और आइएनडीआइए गठबंधन पर निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में नाराजगी साफ नजर आई। उनका कहना था कि राजनीतिक मतभेदों के कारण किसी नागरिक के साथ हिंसा बर्दाश्त नहीं की जा सकती। प्रदर्शन में शामिल एक भाजपा कार्यकर्ता ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हरेक को अपनी बात रखने का अधिकार देता है, कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा इस तरह कश्मीरी युवक को पीटना सही नहीं था।
वह बेहद अमानवीय था। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से कश्मीरी युवक के साथ बर्बरता की, वैसा व्यवहार तो कोई जानवर भी नहीं करेगा।
दिल्ली में फहीम नजीर के साथ पिटाई
आपको बता दें कि श्रीनगर निवासी फहीम नजीर शाह वीरवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस में कांग्रेस और विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगा रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ उनकी कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
फहीम ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रधानमंत्री का समर्थन करने के कारण निशाना बनाया गया।
जबकि दूसरी ओर कुछ कांग्रेस समर्थकों ने दावा किया कि फहीम ने राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की थी। हालांकि घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने फहीम की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
कौन है फहीम नजीर डार?
श्रीनगर के शालीमार इलाके के शात मोहल्ला में जन्मे और पले-बढ़े फहीम नजीर डार को लेकर इन दिनों चर्चा तेज है। उसके पैतृक मोहल्ले में रहने वाले रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने गुलिस्तान न्यूज़ से बातचीत में उसके पारिवारिक जीवन और अतीत से जुड़ी कई जानकारियां साझा कीं।
रिश्तेदारों और पड़ोसियों के मुताबिक, फहीम के माता-पिता उसके बचपन में ही अलग हो गए थे। करीब 12 साल पहले उसके पिता ने परिवार का मकान बेच दिया था, जिसके बाद परिवार किराए के मकान में रहने लगा। उन्होंने बताया कि उसके पिता एसकेआईसीसी स्थित सेंटॉर होटल में काम करते थे और करीब पांच साल पहले दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था।
उनके अनुसार, फहीम का कोई भाई-बहन नहीं है। उसने कथित तौर पर 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वह पहले ऑटो-रिक्शा चलाता था और कुछ समय तक इलेक्ट्रीशियन के रूप में भी काम कर चुका है। बाद में उसने अलग-अलग जगहों पर राजमिस्त्रियों के साथ मजदूरी करनी शुरू कर दी।
रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने बताया कि फहीम कई साल पहले शात मोहल्ला छोड़कर चला गया था और उसके बाद कभी वापस नहीं लौटा। उनका कहना है कि पिछले कई वर्षों से उसका उनसे कोई संपर्क नहीं रहा है। ऐसे में उन्हें उसके मौजूदा ठिकाने, कामकाज या जीवन से जुड़ी अन्य परिस्थितियों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है।
फहीम के साथ कथित मारपीट का वीडियो उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर देखा है। जब उनसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ फहीम की मुलाकात और घटना के विरोध में श्रीनगर में भाजपा की ओर से किए गए प्रदर्शन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि ये फहीम के निजी मामले हैं और उनका इन घटनाक्रमों से कोई संबंध नहीं है।
