अल्ताफ बुखारी वाले तीसरे मोर्चे में शामिल होंगे उस्मान
राज्य ब्यूरो श्रीनगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री उस्मान मजीद जल्द ही अल्ताफ बुखारी
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री उस्मान मजीद जल्द ही अल्ताफ बुखारी वाले तीसरे मोर्चे में शामिल होंगे। पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए उस्मान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविद्र शर्मा ने बताया कि उस्मान मजीद कभी तीसरे मोर्चे और कभी अन्य पार्टियों की बैठकों में जाते हैं। उनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की कई शिकायतें आ चुकी हैं। इसलिए उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया है। नोटिस का जवाब देने की अंतिम तिथि 25 फरवरी है। अगर जवाब नहीं मिलता है तो उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। कुछ महीने पहले दिल्ली में यूरोपियन प्रतिनिधिमंडल की बैठक में शामिल होने पर उन्हें नोटिस जारी किया गया था और उसका जवाब भी संतुष्ट करने वाला नहीं था।
सूत्र बताते हैं कि उस्मान पूर्व मंत्री अल्ताफ बुखारी के साथ कई बैठकें कर चुके हैं। ऐसी संभावना है कि वह जल्दी ही कांग्रेस छोड़ तीसरे मोर्चे में शामिल हो जाएंगे। वहीं, उस्मान मजीद का कहना है कि वह कांग्रेस पार्टी को छोड़ चुके हैं। वह कांग्रेस में असहज महसूस कर रहे थे। हम एक सोच वाले लोग एक मंच पर आ रहे हैं। अनुच्छेद 370 हट चुकी है। अब हम अनुच्छेद 371, विकास और जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर संघर्ष करेंगे।