विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर: उड़ी-बारामुला हाईवे 20 घंटे से बंद, 50 गांवों में बिजली गुल; सड़क बहाली में जुटी मशीनें

Published: Thu, 15 Oct 2026 06:10 PM (IST)

उत्तरी कश्मीर के उड़ी इलाके में भारी भूस्खलन के कारण उड़ी-बारामुला हाईवे 20 घंटे से अधिक समय से बंद है, ...और पढ़ें

राजरवानी में भारी भूस्खलन से सड़क क्षतिग्रस्त।

राजरवानी में भारी भूस्खलन से सड़क क्षतिग्रस्त।

HighLights

  1. राजरवानी में भूस्खलन से उड़ी-बारामुला हाईवे बंद।

  2. 33 केवी बिजली लाइन क्षतिग्रस्त, 50 गांवों में अंधेरा।

  3. सड़क खोलने और बिजली बहाली का काम जारी।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के उड़ी इलाके में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजरवानी में पहाड़ से मलबा और पत्थर गिरने के कारण उड़ी-बारामुला हाइवे 20 घंटे से भी अधिक समय से बंद है। सड़क बंद होने से यातायात ठप है, जबकि बारिश के बाद हुए भूस्खलन की वजह से 33 केवी बिजली लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है।इससे उड़ी के कम से कम 50 गांवों में बिजली गुल है। प्रशासन सड़क खोलने में जुटा है, लेकिन बिजली बहाली में कितना समय लगेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

भूस्खलन की घटना एनएचपीसी उड़ी-1 के पास एडीआईटी-4 के निकट राजरवानी में हुई। यहां पहाड़ से लगातार पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार देर रात यातायात एडवाइजरी जारी की।

लोगों को प्रभावित मार्ग से दूर रहने और सड़क साफ होने तक गिंगल–दावरान–परनपिल्लन–बांदी–उड़ी वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई।

हाईवे बंद रहने से लोग परेशान

हाईवे बंद रहने से नौकरी और जरूरी कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रणनीतिक सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू होने के बाद से मार्ग पर बार-बार यातायात बाधित हो रहा है। इससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है और लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।

सड़क से मलबा हटाने का काम जारी

उड़ी के एसडीएम गौरव यादव ने बताया कि राजरवानी में सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है। भारी नुकसान के कारण बहाली में समय लग रहा है, लेकिन देर शाम तक यातायात शुरू होने की उम्मीद है।

33 केवी लाइन और करीब चार बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त

वहीं सड़क बंद होने के साथ बिजली संकट ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कश्मीर पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (केपीडीसीएल), उड़ी के सहायक कार्यकारी अभियंता इमरान लतीफ ने बताया कि भूस्खलन से 33 केवी लाइन और करीब चार बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं।

सड़क खुलने के बाद ही मरम्मत का काम शुरू हो सकेगा। विभाग ने रात के दौरान कुछ इलाकों में बिजली बहाल करने की कोशिश की बात कही, लेकिन व्यापक नुकसान के कारण समयसीमा तय नहीं है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से जल्द सड़क खोलने और बिजली बहाल करने की मांग की है, ताकि प्रभावित गांवों में जनजीवन सामान्य हो सके।