केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा वैश्विक पर्यटन स्थल बनेगा जम्मू कश्मीर
कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा करते हुए केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा है कि बहुत जल्द जम्मू कश्मीर एक वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता। जम्मू कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा करते हुए केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा है कि बहुत जल्द जम्मू कश्मीर एक वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। कश्मीर में जहां प्रकृति ने कूट-कूट कर सौंदर्य भरा है तो जम्मू में असंख्य धार्मिक स्थल व ऐतिहासिक धरोहर हैं, जिनमें देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता है।
पटेल ने दिल्ली लौटने से पूर्व भाजपा के त्रिकुटा नगर स्थित मुख्यालय में पार्टी नेताओं से बैठक करते हुए यह बात कहीं। पटेल बुधवार को श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने पश्चात भद्रवाह व सुद्धमहादेव भी गए थे और रात को रेल मार्ग से दिल्ली रवाना हुए। इससे पूर्व गत दिवस उन्होंने जम्मू में मुबारक मंडी, सांबा में पुरमंडल व उत्तरवाहिनी तथा अखनूर में अंबारा व जियापोता घाट समेत अन्य स्थलों का दौरा कर पर्यटन योजनाओं की समीक्षा की थी।
पटेल ने कहा कि उनका विश्वास है कि जो लोग कला, संस्कृति, इतिहास व ऐतिहासिक धरोहरों में रुचि रखते हैं, उनके लिए यहां से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती। पटेल ने जम्मू की झीलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने तथा अनछुए पर्यटन स्थलों की निशानदेही करने की सलाह दी।
उन्होंने भाजपा के प्रदेश नेताओं को क्षेत्र के ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण करने के साथ उनका उचित प्रचार-प्रसार करने की सलाह दी। बैठक के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना, सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उप-मुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता, पूर्व मंत्री सत शर्मा व प्रदेश महासचिव युद्धवीर सेठी व डॉ. नरेंद्र सिंह समेत अन्य नेता शामिल रहे।
पटेल ने इन नेताओं से जम्मू के केबल कार व कृत्रिम झील प्रोजेक्ट पर भी चर्चा की। प्रदेश भाजपा नेताओं ने इस मौके पर जम्मू-कश्मीर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए उचित कदम उठाने की अपील की। इस पर पटेल ने केंद्र की ओर से हर संभव सहयोग देने का विश्वास दिलाया।
माता वैष्णो के दरबार में लगाई हाजिरी
केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री प्रह्लाद पटेल बुधवार को माता वैष्णो देवी के दर्शन किए। वह जम्मू से विशेष हेलीकॉप्टर द्वारा सुबह करीब दस बजे भवन मार्ग पर पंछी हेलीपैड पहुंचे, जहां उनकी अगुवानी एसडीएम भवन नरेश कुमार के साथ ही अन्य अधिकारियों ने की। वह पंछी हेलीपैड से बैटरी कार में सवार होकर वैष्णो देवी भवन रवाना हुए। वहां कुछ देर विश्राम करने के बाद माता के दरबार में पहुंचे। यहां उन्होंन विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-शांति की कामना की।