Move to Jagran APP

प्रदेश के दो सौ खिलाड़ियों को जल्द मिलेगी सरकारी नौकरी

जम्मू कश्मीर में आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की 16 प्रतियोगिताएं होंगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीरवार को यह भी कहा कि प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले जम्मू कश्मीर के खिलाड़ियों के लिए नौकरियां और कई वित्तीय लाभ घोषित किए हैं।

By JagranEdited By: Published: Fri, 17 Jun 2022 05:05 AM (IST)Updated: Fri, 17 Jun 2022 06:27 PM (IST)
प्रदेश के दो सौ खिलाड़ियों को जल्द मिलेगी सरकारी नौकरी
प्रदेश के दो सौ खिलाड़ियों को जल्द मिलेगी सरकारी नौकरी

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की 16 प्रतियोगिताएं होंगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीरवार को यह भी कहा कि प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले जम्मू कश्मीर के खिलाड़ियों के लिए नौकरियां और कई वित्तीय लाभ घोषित किए हैं। वर्ष 2014 के बाद पहली बार प्रदेश के कम से 200 खिलाड़ियों को जल्द ही सरकारी नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर का खेल बजट देश के सबसे बड़े राज्य के खेल बजट से भी ज्यादा है। यहां खेल ढांचा और बुनियादी सुविधाएं विश्वस्तरीय हैं। उपराज्यपाल ने वीरवार को श्रीनगर के इनडोर बख्शी स्टेडियम को जीर्णाेद्धार के बाद इसे खिलाड़ियों को समर्पित किया है। वर्ष 2014 की विनाशकारी बाढ़ में यह क्षतिग्रस्त हो गया था। जम्मू कश्मीर खेल परिषद ने इसके जीर्णोद्धार पर 14.76 करोड़ खर्च किए हैं। इसमें विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। इसमें एक ताइक्वांडो हाल, बास्केटबाल कोर्ट, आउटडोर जिम्नेजियम भी है। उपराज्यपाल ने मेरी जवानी-मेरी शान अभियान के तहत की खेल गतिविधियों का कैलेंडर भी जारी किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में हरियाणा में संपन्न हुई खेलो इंडिया प्रतियोगिता में जम्मू कश्मीर 16वें नंबर पर रहा है, इससे पहले यह 26वें स्थान पर था। हमें उम्मीद है कि अगले वर्ष हम देश के टाप-10 प्रदेशों में होंगे। श्रीनगर के इस खेल परिसर में बीते साल विभिन्न खेल गतिविधियों में करीब 15 लाख युवाओं ने भगा लिया है। इस वर्ष इसमें 35 लाख युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। जम्मू कश्मीर देश का एकमात्र ऐसा केंद्र शासित प्रदेश है जहां पंचायत स्तर पर स्टेडियम और खेल के मैदान मिलेंगे। जम्मू कश्मीर अब खेलों में सिरमौर बनने के लिए धीरे धीरे आगे बढ़ रहा है। हमारे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देश-विदेश में अवसर मिल रहे हैं।

loksabha election banner

उपराज्यपाल ने बताया कि इस वर्ष मार्च में जम्मू में सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता हुई। इसमें 50 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों समेत 1014 महिला व पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस वर्ष आने वाले समय में प्रदेश में 16 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं होने जा रही हैं। इनमें नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप और सीनियर वालीबाल चैंपियनशिप भी शामिल है। उद्यमी भी बन रहे युवा

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में निवेश युवाओं में उद्यमशीलता विकसित करने के अलावा उनके लिए रोजगार के विभिन्न अवसर भी पैदा करेगा। प्रत्येक पंचायत में कम से कम पांच युवा-युवतियों को मुमकिन, राइज टूगेदर, अवसर और टूरिस्ट विलेज नेटवर्क के माध्यम से उद्यमी बने हैं। विकास में युवा बनें भागीदार

उपराज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में खुशहाली और समृद्धि के दुश्मन हमारे युवाओं को गुमराह करने का हर संभव षड्यंत्र रच रहे हैं। युवाओं को इनसे बचना चाहिए। आतंकी हिसा के बाद अब युवाओं को नशे के जाल में फंसाया जा रहा है। उपराज्यपाल ने सलाह दी कि युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों लगाएं। बवलीन कौर करेगी एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व

उपराज्यपाल ने बताया कि एशियाई खेलों में जम्मू कश्मीर उभरती जिमनास्ट बवलीन कौर देश का प्रतिनिधित्व करेगी। मशहूर तलवारबाज श्रेया और विशाल विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अक्सा गुलजार, कोमल धीमन, सुहैब जिलानी, रईस अहमद, साकिब, करण चोपड़ा, आदिल मंजूर, बिलकीस मकबूल समेत आठ खिलाड़ी अगले माह हो रही पेनकाक सिलट प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.