'न अथॉरिटी-ना पावर, न ही ताकत, तो इस्तीफा दे दें...', उमर अब्दुल्ला पर भड़के सुनील शर्मा; स्पीकर पर भी साधा निशाना
भाजपा नेता सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनके पास सरकार चलाने की ...और पढ़ें

सुनील शर्मा बोले- राज्य का दर्जा कब आना है, उन्हें खुद पता है। (फाइल फोटो)
HighLights
सुनील शर्मा ने उमर अब्दुल्ला सरकार पर अथॉरिटी, पावर, ताकत न होने का आरोप।
2 साल में ही सरकार की नाकामी साफ, जनता का पैसा बर्बाद।
सुनील शर्मा ने उमर अब्दुल्ला से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोला है। वीरवार को दक्षिण कश्मीर दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला के पास सरकार चलाने के लिए ''न अथॉरिटी है, न पावर है और न ही ताकत'' है। अगर वह डिलीवर नहीं कर सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए, बजाय 5 साल तक जनता का समय और पैसा बर्बाद करने के।
सुनील शर्मा ने कहा कि आप उनसे जो भी कहो, वे कहते हैं मेरे पास कुछ नहीं है। मेरे पास अथॉरिटी नहीं है, पावर नहीं है, ताकत नहीं है। क्या हमें 5 साल तक इसी बात को सुनने के लिए इंतजार करना है? उन्होंने कहा कि दो साल में ही साफ हो गया है कि मौजूदा सरकार कुछ करने की स्थिति में नहीं है। 'अगर ईमानदारी से 2 साल का रिजल्ट निकालें तो पता चलता है कि मुख्यमंत्री उमर में कुछ करने की ताकत ही नहीं है।
सरकार के बने रहने पर सवाल उठाते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि जब 5 साल बाद भी यही कहना है कि हम कुछ नहीं कर पाए, तो लोगों से झूठ क्यों बोला जाए? क्यों जबरदस्ती 1.5-2 लाख वेतन लेकर जनता के टैक्स का पैसा खर्च किया जाए?
राज्य का दर्जा मिला तो फिर होंगे चुनाव
सुनील शर्मा ने कहा कि अगर कल राज्य का दर्जा बहाल होता है तो नए संवैधानिक प्रावधान के तहत फिर से चुनाव होंगे। इसलिए इस सरकार को बनाए रखने का कोई मतलब नहीं है। सरकार को गिरा दीजिए, विधानसभा भंग कर बैठते हैं।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर पर भी पक्षपात का आरोप लगाया और कहा कि सरकार को बचाने के लिए सत्र की अवधि कम की जा रही है। यह अध्यक्ष जैसे कस्टोडियन के लिए उचित नहीं है।
राज्य के दर्जे पर उमर के बयान पर तंज
जम्मू-कश्मीर की तुलना मध्य प्रदेश, ओडिशा और राजस्थान जैसे राज्यों से करते हुए शर्मा ने कहा कि वहां स्कूलों-अस्पतालों में स्टाफ है, बेरोजगारी कम है, जबकि यहां जमीनी स्तर पर कुछ नहीं हो रहा।
उमर अब्दुल्ला के इस आरोप पर कि भाजपा उनकी सरकार गिराना चाहती है, सुनील शर्मा ने कहा कि मैं वादा करता हूं भाजपा कभी भी उनकी सरकार नहीं गिराएगी। अगर सरकार अपने आप गिरती है तो हम जिम्मेदार नहीं हैं।
वहीं राज्य के दर्जे पर उमर के बयान ''जब अमित शाह नींद से जागेंगे तो राज्य का दर्जा आएगा'' पर तंज कसते हुए शर्मा ने कहा कि उन्हें खुद ही पता है कि दर्जा कब आना है। केंद्र के 10-12 साल के विकास की कोई तुलना नहीं है, इसके लिए मुख्यमंत्री उमर के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं।
