हुर्रियत कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में हड़ताल
संवाद सहयोगी, श्रीनगर : सोपोर क्षेत्र के बोमई इलाके में रविवार को अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा हुर्रिय
संवाद सहयोगी, श्रीनगर : सोपोर क्षेत्र के बोमई इलाके में रविवार को अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा हुर्रियत कांफ्रेंस कार्यकर्ता हकीमुर रहमान की हत्या के विरोध में शुक्रवार को हड़ताल रही। वहीं, श्रीनगर-बारामुला रेल सेवा दो दिनों तक बंद रहने के बाद फिर से बहाल कर दी गई।
गौरतलब है कि बुधवार को सोपोर क्षेत्र में सुरक्षाबलों व आतंकियों के बीच मुठभेड़ के चलते रेल सेवा एहतियातन स्थगित कर दी गई थी। हड़ताल के चलते व्यापारिक प्रतिष्ठान, शैक्षणिक संस्थान व निजी कार्यालय बंद रहे। यातायात भी ठप रहा। हड़ताल का आह्वान ज्वाइंट रजिस्टेंस लीडरशिप (जेआरएल) ने किया था। प्रशासन ने बंद को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। इस बीच जुमा की नमाज के बाद सोपोर में अलगाववादी समर्थकों ने रैली निकालने की कोशिश की। सुरक्षाबलों द्वारा रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया। सुरक्षाबलों ने उन्हें खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले दागे, जिससे दो प्रदर्शनकारी घायल हो गए। क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में थी।