विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में MBBS-BDS इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाकर किया 25000, लेकिन हड़ताल खत्म नहीं करेंगे ट्रेनी डॉक्टर; जानिए वजह

Published: Tue, 20 Oct 2026 07:04 PM (IST)

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड 12,300 से बढ़ाकर 25,000 रुपये करने को मंजूरी दे दी है।

जम्मू-कश्मीर एमबीबीएस-बीडीएस इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाने को मंजूरी, पर जारी रहेगी हड़ताल।

जम्मू-कश्मीर एमबीबीएस-बीडीएस इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाने को मंजूरी, पर जारी रहेगी हड़ताल।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड 12300 रुपये से बढ़ाकर 25000 रुपये करने को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंजूरी दे दी है। इस फैसले से लंबे समय से बढ़ोतरी की मांग कर रहे इंटर्न को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

हालांकि, मुख्यमंत्री की मंजूरी के बावजूद इंटर्न ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म करने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक सरकार आधिकारिक आदेश जारी कर उसे सार्वजनिक नहीं करती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

जम्मू-कश्मीर एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न के प्रतिनिधि तथा ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएमएसए) के संयुक्त सचिव डॉ. मोहम्मद आकिब जाविद ने मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इंटर्न इस मांग को पूरा करने की दिशा में कदम उठाने के लिए मुख्यमंत्री के आभारी हैं, लेकिन केवल घोषणा के आधार पर आंदोलन वापस नहीं लिया जा सकता।

डॉ. जाविद ने कहा कि स्टाइपेंड बढ़ाने का आश्वासन पहले भी कई बार दिया गया था, लेकिन उस पर अमल नहीं होने के कारण इंटर्न को फिर आंदोलन शुरू करना पड़ा। पिछले लिखित आश्वासन में तय समयसीमा भी समाप्त हो चुकी है, जबकि कई बैठकों और वादों के बावजूद मांग पूरी नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को छुट्टी होने के कारण आधिकारिक आदेश जारी नहीं हो सका और बुधवार को इसके जारी होने की उम्मीद है। डॉ. जाविद ने स्पष्ट किया कि यदि बुधवार को औपचारिक सरकारी आदेश जारी हो जाता है, तो इंटर्न अपनी हड़ताल समाप्त कर देंगे। फिलहाल उनका शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा।