सोपोर में मारा गया आठ लाख का इनामी आतंकी था अबु माज
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : उत्तरी कश्मीर के सोपोर में गत शुक्रवार को मारे गए दो आतंकियों में
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : उत्तरी कश्मीर के सोपोर में गत शुक्रवार को मारे गए दो आतंकियों में से एक आठ लाख का इनामी लश्कर का डिवीजनल कमांडर अबु माज और दूसरा जिला कमांडर अली जुबैर था। ये दोनों पाकिस्तानी थे। इन दोनों आतंकियों की मौत को उत्तरी कश्मीर में लश्कर के लिए एक बड़ा झटका और सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी बताया जा रहा है।
सोपोर के पजलपोरा इलाके में गत शुक्रवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक मुठभेड़ हुई थी। इसमें दो आतंकी मारे गए थे और एक जवान शहीद हो गया था, लेकिन तत्काल मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो पाई थी। अलबत्ता, शुक्रवार देर रात सुरक्षाबलों ने आतंकियों के एक कथित रेडियो संदेश को पकड़ा और उसके आधार पर मारे गए आतंकियों की पहचान की पुष्टि हुई। इसके अलावा सुरक्षाबलों ने मारे गए आतंकियों की तस्वीरों की भी छानबीन की। दोनों आतंकियों के शव भी शुक्रवार देर रात एलओसी के साथ सटे एक इलाके में स्थानीय ऑकाफ समिति की सहायता से पूरे इस्लामिक तौर तरीकों से दफना दिए गए।
आतंकी अबू माज कश्मीर में करीब पांच से छह साल सक्रिय रहा है। वह वर्ष 2016 में अपने एक अन्य साथी के साथ पाकिस्तान लौट गया था और करीब छह माह में पुन: घाटी लौट आया था। उसने सोपोर, हंदवाड़ा और रफियाबाद के इलाके में बीते दो सालों के दौरान छह नागरिकों की हत्या करने के अलावा एक एपीओ को भी मौत के घाट उतारा था। वह पुलिस और सेना के विभिन्न संस्थानों और नाकों पर हमले की विभिन्न वारदातों में भी लिप्त था। गत माह उसने हारवन सोपोर के मुश्ताक अहमद मीर और तुज्जर सोपोर के कसाई तौसीफ अहमद गनई को भी साथियों संग मिलकर कत्ल कर दिया था।