सोनमर्ग में स्टंटबाजी पड़ी भारी! नाला सिंध में तेज बहाव के बीच फंसी स्कॉर्पियो, पुलिस-स्थानीयों ने ऐसे बचाई जान
सोनमर्ग में युवकों द्वारा नाला सिंध में स्टंट करने के प्रयास में उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी तेज बहाव में फंस गई। ...और पढ़ें

सोनमर्ग में नाले के तेज बहाव में फंसी स्कॉर्पियो। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
युवकों ने सोनमर्ग के नाला सिंध में स्टंट का प्रयास किया।
स्कॉर्पियो तेज बहाव में फंसी, पुलिस ने किया रेस्क्यू।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर सफल बचाव अभियान चलाया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर की खूबसूरत वादियों में मशहूर पर्यटन स्थल सोनमर्ग में शुक्रवार को एक खतरनाक स्टंट का प्रयास बड़ा हादसा बनते-बनते रह गया। जानकारी के अनुसार युवकों का एक समूह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी के साथ नाला सिंध में स्टंट करने की कोशिश कर रहा था, तभी गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे पानी के तेज बहाव में चली गई और बीच धार में फंस गई।
सिंध का बहाव बेहद तेज और अप्रत्याशित माना जाता है। गाड़ी के पानी में फंसते ही युवकों की जान पर बन आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सोनमर्ग पुलिस स्टेशन के एसएचओ अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
इस मुश्किल घड़ी में सोनमर्ग के स्थानीय लोगों ने भी इंसानियत की मिसाल पेश की। पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर स्थानीय युवाओं ने रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से गाड़ी को बाहर निकालने और उसमें सवार लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू किया। घंटों मशक्कत के बाद वाहन व युवकों को बाहर निकाला गया।
लापरवाही और स्टंटबाजी बना कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी घटना लापरवाही और स्टंटबाजी के कारण हुई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वाहन चालक नशे में था या जानबूझकर नियमों का उल्लंघन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी भी तरह की लापरवाही या कानून के उल्लंघन की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रील के चक्कर में जान से खिलवाड़ न करें
यह घटना एक बार फिर सबके लिए चेतावनी है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के लिए जान जोखिम में डालकर नदी-नालों और खतरनाक जगहों पर गाड़ी से स्टंट करना कितना भारी पड़ सकता है, सोनमर्ग की यह घटना उसका ताजा उदाहरण है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे खतरनाक कारनामों से बचें और अपनी व दूसरों की जान को खतरे में न डालें।
