राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच श्रीनगर में सोमवार को 'शीन जंग' हुई। कश्मीरी में बर्फ को शीन कहते हैं और खेलते हुए एक-दूसरे पर बर्फ फेंकने-मारने को शीन जंग कहते हैं। चश्माशाही में भारत जोड़ो यात्रा शिविर में राष्ट्रध्वज फहराने के बाद जब सभी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शेरे कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम की तरफ जाने वाले थे, उस समय अचानक ही राहुल नीचे झुके और उन्होंने बर्फ उठाकर अपनी बहन प्रियंका पर फेंकी। प्रियंका ने भी बर्फ का गोला बनाया और भाई पर फेंका। दोनों के बीच यह खेल लगभग तीन-चार मिनट तक चला। इससे पहले राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा के शिविर में और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लाल चौक से कुछ ही दूरी पर स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रध्वज फहराया।

देश में 10 प्रतिशत लोगों के पास देश की 72 प्रतिशत संपत्ति- खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह यात्रा किसी चुनाव को जीतने या कांग्रेस को आगे बढ़ाने के लिए नहीं है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग इस देश में गरीब को गरीब, अमीर को अमीर बनाए रखना चाहते हैं। इस देश में 10 प्रतिशत लोगों के पास देश की 72 प्रतिशत संपत्ति है। हमें इसके खिलाफ लड़ना है। उन्होंने जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाने और यहां विधानसभा की बहाली को राहुल गांधी का संकल्प बताया।

देश में हो रही राजनीति राष्ट्रहित में नहीं

प्रियंका कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि आज हमारे देश में जो राजनीति हो रही है, वह राष्ट्रहित में नहीं है। यह यात्रा उसी राजनीति के खिलाफ है। इसलिए एक तरह से यह यात्रा एक आध्यात्मिक यात्रा है। हर हिंदुस्तानी देश में एकता और शांति चाहता है।

गोडसे की विचारधारा ने जो छीना, वह इस देश से वापस मिलेगा

महबूबापीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि गोडसे की विचारधारा ने जम्मू-कश्मीर से जो छीन लिया, वह इस देश से वापस मिल जाएगा। भारत-पाक विभाजन के समय जब पूरे मुल्क में दंगे हो रहे थे तो उस समय कश्मीर में भाईचारा कायम रहा। इससे प्रभावित होकर ही महात्मा गांधी ने कहा कि था वह जम्मू-कश्मीर में आशा की किरण देखते हैं। आज देश राहुल गांधी में आशा की किरण देख सकता है।

पश्चिम से पूर्व भारत की तरफ भी करें यात्रा

उमर नेकां उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा की तरह पश्चिम से पूर्व भारत की तरफ भी यात्रा शुरू करने को कहा। उन्होंने कहा कि आप अगर ऐसा करेंगे तो मैं भी उसमें चलूंगा। उमर ने कहा कि इस यात्रा ने साबित किया है कि देश में जरूर ऐसे लोग हैं जो भाजपा की विचारधारा के समर्थक हैं, लेकिन यहां ऐसे लोगों की तादाद बहुत ज्यादा है, जो भाजपा की नीतियों के खिलाफ हैं। इस यात्रा ने पूरे देश में एक नयी उम्मीद पैदा की है।

यह भी पढ़ें-

पांच साल में मेडिकल डिवाइस आयात दोगुना, लेकिन चीन से आयात तीन गुना बढ़ा; इंपोर्ट पर निर्भरता 80% से अधिक

Fact Check: आम आदमी की तरह ट्रेन में सफर करते डॉ. कलाम की यह तस्वीर उनके राष्ट्रपति कार्यकाल के बाद की है

Edited By: Sonu Gupta