कश्मीर मैराथन के लिए श्रीनगर में ट्रैफिक प्लान लागू, 25 अक्टूबर को कई सड़कें रहेंगी बंद
श्रीनगर में 25 अक्टूबर को तीसरी कश्मीर मैराथन के कारण कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे।

श्रीनगर कश्मीर मैराथन 25 अक्टूबर को ट्रैफिक प्लान और रूट डायवर्जन।
HighLights
25 अक्टूबर को श्रीनगर में तीसरी कश्मीर मैराथन आयोजित
शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध, रूट डायवर्जन लागू
वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जाम से बचने की अपील
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। श्रीनगर में रविवार 25 अक्टूबर को होने वाली तीसरी ‘कश्मीर मैराथन-2026’ के चलते शहर की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे।
जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस मैराथन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर लें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, रेजिडेंसी रोड पर रेडियो कश्मीर क्रॉसिंग से पोलो व्यू तक सुबह 5 से शाम 5 बजे तक आवाजाही बंद रहेगी। कोर्ट रोड-क्लॉक टावर से बिस्को स्कूल क्रॉसिंग तक रेजिडेंसी रोड सुबह 5 से 8:30 बजे तक बंद रहेगी। एमए रोड पर बडशाह चौक से डलगेट और बडयारी होते हुए नेहरू पार्क तक सुबह 5 से 9 बजे तक यातायात नहीं चलेगा।
राजबाग पुलिस स्टेशन और प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल की ओर जवाहर नगर, लाल मंडी, हैट्रिक, अब्दुल्ला ब्रिज-जीरो ब्रिज, राजबाग और अरामवारी से आने-जाने पर सुबह 5 से 8:30 बजे तक प्रतिबंध रहेगा।
नेहरू पार्क से क्रालसंगरी, निशात, फोरशोर रोड, हबक क्रॉसिंग और कश्मीर यूनिवर्सिटी के सर सैयद गेट तक मैराथन समाप्त होने तक यातायात बंद रहेगा। होटल ललित-गुपकर रोड, राम मुंशी बाग और सोनवार से आरएम बाग की ओर भी सुबह 5 बजे से मैराथन समाप्त होने तक आवाजाही बंद रहेगी।
इन रास्तों से करें सफर
हरवान, शालीमार, निशात और ब्रेन से आने वाले वाहन चालक चंदपोरा-टेलबल-जकूरा-हबक-नसीमबाग होते हुए बुरजहामा मार्ग अपनाएं। गांदरबल और नागबल से लाल चौक जाने वाले 90 फीट सौरा रोड का इस्तेमाल करें। रामबाग से राजबाग जाने के लिए जवाहर नगर बंड रोड, जबकि रैनावारी और सैदाकदल से हजरतबल जाने के लिए ग्रिल्स कट-कनितार होते हुए लाल बाजार रोड अपनाने की सलाह दी गई है।
पार्किंग, भारी वाहनों और परीक्षार्थियों के लिए निर्देश
मैराथन प्रतिभागियों के वाहन एसपी कॉलेज ग्राउंड, एसडीए पार्किंग (पिक एन चूज के सामने), प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल, इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट राजबाग, टीआरसी फुटबॉल और क्रिकेट ग्राउंड, प्रेस कॉलोनी मल्टीलेवल पार्किंग, गिंदुन पार्क, बागवानी निदेशालय राजबाग और फ्लोरीकल्चर पार्क, आरआर रोड में पार्क किए जाएंगे।
24 अक्टूबर रात 8 बजे से आरआर रोड, गुपकार रोड, बुलेवार्ड रोड और फोरशोर रोड समेत मैराथन मार्गों पर भारी मोटर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। आम लोगों को 25 अक्टूबर सुबह 5 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रेजिडेंसी रोड, बुलेवार्ड रोड, बडयारी, डलगेट से निशात, फोरशोर रोड और हबक से सर सैयद गेट तक अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है।
लाल मंडी, जहांगीर चौक, ममता क्रॉसिंग, इखवान चौक, निशात, क्रालसंगरी, यूनानी अस्पताल, पंथाचौक, हरवान और हजरतबल के ग्रिल्स जंक्शन पर भी सुबह 5 बजे से मैराथन समाप्त होने तक प्रतिबंध रहेंगे।
परीक्षा देने जाने वाले विद्यार्थियों को वैध एडमिट कार्ड साथ रखने की सलाह दी गई है। एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा। किसी भी सहायता के लिए ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 103 पर संपर्क किया जा सकता है।
