आतंकी समझ मारी गोली, हालत स्थिर
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को नाका तोड़ भाग रहे एक बाइक स
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को नाका तोड़ भाग रहे एक बाइक सवार को सुरक्षाकर्मियों ने आतंकी समझ गोली मार दी। फिलहाल, बाइक सवार अस्पताल में उपचाराधीन है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।
जानकारी के अनुसार, बेहीबाग में 34 आरआर के जवानों ने अपने शिविर से कुछ दूरी पर नाका लगाया था। नाके पर वह वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक बाइक पर आया। जवानों ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उसे नजरअंदाज कर तेज गति से अपनी बाइक वहां से निकाली। इस पर जवानों ने चेतावनी देते हुए गोली चला दी। गोली बाइक सवार के कंधे में लगी और वह गिर पड़ा।
जवानों ने उसे तुरंत पकड़ लिया और अस्पताल ले गए। घायल युवक की पहचान मुदस्सर अहमद ठोकर निवासी कडर कुलगाम के रूप में हुई है। बेहीबाग पुलिस चौकी प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुदस्सर तेज गति से मोटरसाइकिल चला रहा था। उसने दो नाके तोड़े थे। तीसरे नाके पर भी जब वह नहीं रुका तो जवानों ने गोली चला दी। फिलहाल, उसकी हालत स्थिर है और वह अस्पताल में उपचाराधीन है।