'परिवार में नाराजगी होती रहती है', कैबिनेट विस्तार पर खुलकर बोलीं मंत्री सकीना इट्टू; NC में टूट से किया इनकार
कैबिनेट विस्तार के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस में नाराजगी पर मंत्री सकिना इट्टू ने इसे सामान्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया और पारिवारिक मामला ...और पढ़ें

कैबिनेट विस्तार पर नाराजगी को सकिना इट्टू ने बताया पारिवारिक मामला। (फाइल फोटो)
HighLights
सकिना इट्टू ने नाराजगी को सामान्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया बताया।
नेशनल कॉन्फ्रेंस को एक परिवार का हिस्सा करार दिया।
विपक्ष पर राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दा उठाने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में कैबिनेट विस्तार के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर नाराजगी की चर्चाओं पर स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री सकिना इट्टू ने एक बार फिर बुधवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पार्टी में असंतोष को सामान्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए कहा कि नेताओं को अपनी नाराजगी पार्टी के भीतर जाहिर करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने इसे नेतृत्व के लिए संकट मानने से भी इनकार किया।
सकिना इट्टू ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को एक परिवार बताते हुए कहा कि पार्टी के सदस्य परिवार की तरह रहते हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह परिवार में कोई बच्चा माता-पिता से नाराज होने पर अपनी बात घर के भीतर रखता है, उसी तरह पार्टी का कोई नेता भी अपनी नाराजगी जाहिर कर सकता है। यह उसका लोकतांत्रिक अधिकार है।
कैबिनेट विस्तार के बाद नाराज नेताओं पर मंत्री का बयान
मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन नेताओं ने कैबिनेट विस्तार के बाद असंतोष जताया है, वे अब भी नेशनल कॉन्फ्रेंस का हिस्सा हैं। उनकी नाराजगी को पार्टी में गहरे संकट या नेतृत्व में टूट के संकेत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
सकीना इट्टू ने विपक्ष पर साधा निशाना
सकिना इट्टू ने इस मामले को उठाने के लिए विपक्षी दलों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष कैबिनेट में फेरबदल को लेकर नाराजगी की बात उठाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है।
विपक्ष के पास चर्चा के लिए कोई दूसरा मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इस घटनाक्रम को तूल दे रहा है।
