अब कश्मीर मैराथन में दुनिया भर से जुटेंगे धावक, घाटी की खूबसूरती बनेगी आकर्षण; मुख्य सचिव ने किया बड़ा एलान
जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने घोषणा की कि कश्मीर मैराथन को आने वाले वर्षों में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के रूप में विकसित किया जाएगा।

जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू। फोटो जागरण
HighLights
कश्मीर मैराथन अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के रूप में विकसित होगा।
मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने इसकी घोषणा की।
कश्मीर की सुंदरता धावकों के लिए बड़ा आकर्षण बनेगी।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर मैराथन को आने वाले वर्षों में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के रूप में विकसित किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने रविवार को तीसरे कश्मीर मैराथन-2026 के पुरस्कार वितरण समारोह में यह बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिभागियों की संख्या बढ़ने के बावजूद आयोजन के पेशेवर मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
डुल्लू ने कहा कि कश्मीर मैराथन की शुरुआत 2016 में एक विचार के रूप में हुई थी। इसे वास्तविक रूप देने में कई लोगों ने योगदान दिया और मैराथन का मार्ग तैयार करने से लेकर आयोजन की नींव रखने तक महत्वपूर्ण प्रयास किए गए।
बाद में पर्यटन विभाग ने इस पहल को समर्थन दिया और 2024 में सफल आयोजन के बाद मैराथन का विस्तार जारी रहा। अब यह पर्यटन विभाग के वार्षिक कैलेंडर का अहम हिस्सा बन चुका है।
देश-विदेश से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल
मुख्य सचिव ने कहा कि मैराथन के रास्ते में दिखाई देने वाले कश्मीर के खूबसूरत नजारे धावकों के लिए सबसे बड़े आकर्षणों में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में इसमें देश-विदेश से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे।
श्रीनगर में इस मौसम में इतनी बड़ी मैराथन आयोजित करने को लेकर शुरुआती आशंकाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अनुभव ने साबित किया है कि इसे सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सकता है और हर संस्करण में और बेहतर बनाया जा सकता है।
डुल्लू ने आयोजन समिति, पर्यटन विभाग और संबंधित एजेंसियों की सराहना की तथा विभिन्न देशों और राज्यों से आए धावकों का स्वागत करते हुए सभी सहयोगियों का आभार जताया।
