J&K Weather: जम्मू-कश्मीर में बदला मौसम, बारिश-बर्फबारी से तापमान में गिरावट; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदल गया है। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में बारिश व बर्फबारी से तापमान ...और पढ़ें
-1775259691858_m.webp)
पश्चिमी विक्षोभ से जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी। फाइल फोटो
HighLights
पश्चिमी विक्षोभ से जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी
ऊधमपुर में आसमानी बिजली गिरने से किशोरी की मौत
मौसम विभाग ने 10 अप्रैल तक भारी बारिश की चेतावनी दी
जागरण संवाददाता, श्रीनगर/जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मौसम बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते शुक्रवार तड़के पहाड़ों और मैदानी इलाकों में बारिश व पहाड़ों पर बर्फबारी देर रात तक जारी रही। इससे तापमान में गिरावट आई है। कश्मीर में पहाड़ी क्षेत्रों में कई संपर्क मार्ग बर्फबारी और वर्षा के कारण बंद रहे। जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों में देर रात रुक-रुक कर बारिश होती रही।
उधर, ऊधमपुर जिले के डुडु गांव में आसमानी बिजली गिरने से एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।वहीं बारिश में माता वैष्णो देवी यात्रा सुचारु रही। हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। इसके अलावा जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात सुचारु रहा। मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल तक कुछ जगहों पर तेज गर्जना, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के अलावा भारी बारिश, बर्फबारी के साथ तेज बौछारें हो सकती हैं।
पांच और छह अप्रैल को मौसम आंशिक रूप से साफ रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। सात से नौ अप्रैल के बीच फिर से कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। 10 और 11 अप्रैल को कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 12 से 15 अप्रैल के बीच मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार चार, सात व आठ अप्रैल के दौरान तेज हवा, गर्जना, ओलावृष्टि की संभावना है। कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने किसानों को इस दौरान खेती से जुड़े कार्य स्थगित करने और यात्रियों को यात्रा की योजना मौसम अनुसार बनाने की सलाह दी है।
कुछ दिन से प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। धीरे-धीरे गर्मी अपने रंग दिखाने लगी थी, लेकिन इस वर्षा के बाद कुछ दिन राहत भरा मौसम बना रहेगा। इस सप्ताह तापमान सामान्य के आसपास ही रहने की संभावना है।
तड़के ही गुलमर्ग के ऊपरी हिस्सों समेत घाटी के उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। श्रीनगर समेत निचले इलाकों में दोपहर तक आसमान घने बादलों से ढक गया और बारिश शुरू हो गई। घाटी के ऊपरी इलाकों में देर शाम तक बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा।
