शांति बहाली में जेके पुलिस की भूमिका अहम : रेड्डी
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने व आतंकवाद को कुचलने में पुलिस की अहम भूमिका है।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने व आतंकवाद को कुचलने में पुलिस की अहम भूमिका है। देश की एकता, अखंडता की खातिर जम्मू कश्मीर पुलिस ने जो बलिदान दिया, वैसा शायद ही दुनिया के किसी अन्य कोने में किसी पुलिस संगठन ने दिया हो। वह वीरवार को मनिगाम, गांदरबल स्थित पुलिस ट्रेनिग स्कूल के दौरे के दौरान वहां जवानों और अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया।
इससे पूर्व उन्होंने उपराज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर, गृह विभाग के प्रधान सचिव शालीन काबरा, पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह व अन्य संबधित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने जम्मू कश्मीर में आतंकी हिसा पर काबू पाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस देश के प्रतिष्ठित और पेशवेर पुलिस संगठनों में एक है। पुलिस न सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय है बल्कि राष्ट्रविरोधी तत्वों व आतंकी संगठनों के खिलाफ भी अन्य सुरक्षा एजेंसियों से मोर्चे पर पर डटी है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों व जवानों को यकीन दिलाया कि उनके सभी तर्कसंगत मुद्दों को यथासंभव जल्द ही हल किया जाएगा।
इससे पूर्व राज्य पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने अपने स्वागत भाषण में समय समय पर केंद्रीय गृहमंत्रालय द्वारा जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों अधिकारियों के कल्याण के लिए उपाय करने पर आभार जताया।