विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीनगर में नशा तस्करों की 13.43 करोड़ की संपत्ति पर पुलिस का शिकंजा, मकान-वाहन अटैच; 6 थानों ने मिलकर की कार्रवाई

Published: Thu, 15 Oct 2026 03:51 PM (GMT+05:30)

श्रीनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.43 करोड़ रुपये से अधिक की आवासीय संपत्तियों और ...और पढ़ें

NDPS एक्ट के तहत ₹13.43 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त/अटैच। फोटो- जागरण

NDPS एक्ट के तहत ₹13.43 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त/अटैच। फोटो- जागरण

HighLights

  1. श्रीनगर पुलिस ने नशा तस्करों की संपत्ति फ्रीज की।

  2. 13.43 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच की गई।

  3. एनडीपीएस एक्ट के तहत छह थानों ने कार्रवाई की।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए श्रीनगर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 13.43 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की आवासीय संपत्तियों और एक वाहन को फ्रीज व अटैच किया है। पुलिस के अनुसार, वित्तीय जांच में इन संपत्तियों के कथित तौर पर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित होने की बात सामने आई। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट तहत की गई। इस अभियान में खानयार, पंथाचौक, शाल्टेंग, सफाकदल, सौरा और अहमदनगर थाने शामिल रहे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खानयार पुलिस ने करीब आठ करोड़ रुपये मूल्य की चार आवासीय संपत्तियों और एक वाहन को अटैच किया है।

इनमें ऐजाज अहमद भट पुत्र बशीर अहमद भट निवासी बूडूबाग, खानयार का सात मरला जमीन पर बना तीन मंजिला मकान (1.60 करोड़ रुपये), आकिब हैदर खान पुत्र मोहम्मद अयूब खान निवासी घाट नंबर-1, डल गेट की वोक्सवैगन पोलो कार (6.50 लाख रुपये), माजिद अशरफ वानी पुत्र मोहम्मद अशरफ वानी निवासी शीशगरी मोहल्ला, खानयार का 12 मरला जमीन पर बना तीन मंजिला मकान (2.50 करोड़ रुपये) शामिल हैं।

इसके अलावा, शबीर अहमद बंगरू निवासी गुलाम कादिर बंगरू निवासी सफाकदल के बंगरू मोहल्लाके दो मकान अटैच किए गए हैं। इनमें 11 मरला और 145 वर्ग फुट जमीन पर बना तीन मंजिला मकान (2.80 करोड़ रुपये) और पांच मरला जमीन पर बना एक मंजिला मकान (1.10 करोड़ रुपये) शामिल हैं। ये संपत्तियां खानयार थाने में दर्ज एफआईआर से संबंधित हैं।

पंथाचौक और शाल्टेंग में भी कार्रवाई

पंथाचौक पुलिस ने साकिब बशीर भट उर्फ सकपाल पुत्र बशीर अहमद भट निवासी खानमोह का 1.24 करोड़ रुपये मूल्य का पक्का मकान अटैच किया है। वह पंपोर, बनिहाल और खरिव थानों मेंं दर्ज मामलों से जुड़ा है।

शाल्टेंग पुलिस ने दानिश अहमद भट पुत्र अब्दुल अहद भट निवासी पांजिनारा, श्रीनगर का एक कनाल जमीन पर बना दो मंजिला मकान फ्रीज किया है। इसकी कीमत 1.21 करोड़ रुपये है। यह संपत्ति शाल्टेंग थाने में दर्ज मामले से संबंधित है।

सफाकदल, अहमदनगर और सौरा में संपत्तियां निशाने पर

सफाकदल में फैजान फिरदौस खांडे उर्फ फरजान पुज्ज पुत्र के फिरदौस अहमद खांडे निवासी मलिक साहिब का अटारी सहित तीन मंजिला मकान अटैच किया गया है। इसकी कीमत 10,15,383 रुपये है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराएं लगाई हैं।

अहमदनगर के शाह मोहल्ला में रहने वाले आदिल अहमद पट्टू पुत्र अली मोहम्मद पट्टू के दो मकानों पर कार्रवाई हुई है। एक की कीमत करीब एक करोड़ रुपये और दूसरे की 80 लाख रुपये है। ये क्रमशः अहमदनगर थाने के एफआईआर नंबर 16/2023 और वित्तीय जांच से संबंधित हैं।

लाल बाजार की उमर कॉलोनी-बी में भी मकान अटैच

वहीं, लाल बाजार की उमर कॉलोनी-बी के रहने वाले खालिद नजीर चिल्लू पुत्र नजीर अहमद चिल्लू का भी मकान अटैच किया गया है। इसकी कीमत जमीन के मूल्य को छोड़कर 1,18,00,751 रुपये है। यह सौरा थाने में दर्ज मामले से जुड़ा है।

श्रीनगर पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद केवल आरोपितों को पकड़ना या नशीले पदार्थ जब्त करना नहीं, बल्कि अवैध कारोबार से होने वाले आर्थिक लाभ को भी रोकना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और कथित अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर कानून के तहत शिकंजा कसा जाएगा।