गांदरबल में पीपुल्स कॉन्फ्रेंस को मिली नई ताकत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हिलाल अहमद साथियों के साथ पार्टी में हुए शामिल
गांदरबल में पीपुल्स कॉन्फ्रेंस को नई मजबूती मिली है, जब पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हिलाल अहमद तांत्रे अपने कई सहयोगियों के साथ पार्टी में शामिल हुए।
-1791765473910_m.webp)
पीपुल्स कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हिलाल अहमद। फोटो जागरण
HighLights
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हिलाल तांत्रे पीपुल्स कॉन्फ्रेंस में शामिल।
उनके साथ कई राजनीतिक सहयोगी भी पार्टी से जुड़े।
सज्जाद लोन ने जनता से जुड़ाव को पार्टी की ताकत बताया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक गतिविधियों के बीच पीपुल्स कॉन्फ्रेंस को गांदरबल में नई मजबूती मिली है। पार्टी अध्यक्ष एवं हंदवाड़ा के विधायक सज्जाद लोन ने रविवार को गांदरबल के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हिलाल अहमद तांत्रे को उनके कई राजनीतिक सहयोगियों के साथ पार्टी में शामिल कराया। इस कदम को जिले में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में अहम माना जा रहा है।
पार्टी में शामिल होने का कार्यक्रम संगठन सचिव शेख इमरान, राज्य सचिव अब्बास वानी, प्रवक्ता मुनीब कुरैशी और पार्टी अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव तसद्दुक यासीन की मौजूदगी में हुआ।
तांत्रे के साथ पूर्व सरपंच मंजूर अहमद मीर सहित मुश्ताक अहमद मीर, अब्दुल रशीद शाह, एजाज अहमद राथर, एजाज अहमद लोन, सज्जाद अहमद राथर, तारिक अहमद मीर, जावेद इकबाल मीर, बशारत नजीर, नजीर अहमद लोन, मोहम्मद सुल्तान खांडे और मुश्ताक अहमद डार भी शामिल हुए।
जनता से जुड़ाव को बताया पार्टी की ताकत
सज्जाद लोन ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं का पार्टी से जुड़ना जनता के बीच पीपुल्स कॉन्फ्रेंस की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने नए सदस्यों को सम्मान, उचित प्रतिनिधित्व और संगठन में सार्थक भागीदारी का भरोसा दिया।
लोन ने कहा कि पार्टी जनता की आकांक्षाओं और समस्याओं को आवाज देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, हिलाल अहमद तांत्रे ने नेतृत्व का आभार जताते हुए गांदरबल के लोगों की सेवा करने और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया।
