कोरोना पीड़ित पीर के मुरीद हुए बेहाल
बताया जाता है कि पीड़ितकी आयु करीब 65 साल है। वह बड़गाम के प्रभावशाली मजहबी परिवार से संबंध रखता है। वह कहीं विदेश नहीं गया था लेकिन बीते माह दिल्ली गया था।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : बड़गाम से करीब दो किलोमीटर दूर पल्लर गांव के एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने के साथ ही पूरे इलाके में भय है। पीड़ित के बारे में कहा जाता है कि वह एक पीर है जिसके कई मुरीद हैं। लोग उसके पास अपनी समस्याओं के निदान के लिए आते हैं। बताया जाता है कि पीड़ितकी आयु करीब 65 साल है। वह बड़गाम के प्रभावशाली मजहबी परिवार से संबंध रखता है। वह कहीं विदेश नहीं गया था, लेकिन बीते माह दिल्ली गया था। उसके परिजनों की मानें तो उसका तब्लीग जमात से कोई नाता नहीं है। दिल्ली से लौटने के बाद स्थानीय डॉक्टरो के परामर्श पर वह घर में क्वारंटाइन था। इस बीच, वह कई लोगों से मिला है। उन्होंने बतायाकि उसकी जांच भी हुई थी और उसके टेस्ट नेगेटिव आया था। अलबत्ता, शनिवार को उसके संक्रमित होने की पुष्टि के साथ ही पूरे इलाके में लोगों में डर पैदा हो गया है। एक अधिकारी ने अपना नाम न छापे जाने की शर्त पर बताया कि पीड़ित से बहुत से लोग मिले हैं। इनमें वादी के अलग अलग इलाकों के रहने वाले लोग हैं। सभी को तलाश करना मुश्किल है। उसके परिजनों से भी कहा गया है वह जितने लोगो को जानते हैं,सभी को अपने इलाके में स्वास्थ्य अधिकारियों से मिलने के लिए कहें।