विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्मीना, केसर और हस्तशिल्प की वैश्विक उड़ान, श्रीनगर से इंटरनेशनल मार्केट तक पहुंचेंगे लोकल प्रोडक्टस; DTDC की नई पहल

Published: Thu, 15 Oct 2026 06:00 AM (GMT+05:30)Updated: Thu, 15 Oct 2026 06:58 AM (GMT+05:30)

डीटीडीसी एक्सप्रेस लिमिटेड ने 'डीटीडीसी उड़ान' पहल शुरू की है, जिससे कश्मीर के पश्मीना, केसर, हस्तशिल्प और खेल उपकरण जैसे उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जा सके।

पश्मीना, केसर और हस्तशिल्प को वैश्विक उड़ान। फाइल फोटो

पश्मीना, केसर और हस्तशिल्प को वैश्विक उड़ान। फाइल फोटो

HighLights

  1. डीटीडीसी ने 'उड़ान' पहल से कश्मीरी उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ा।

  2. पश्मीना, केसर, हस्तशिल्प और खेल उपकरण अब दुनिया भर में पहुंचेंगे।

  3. MSMEs को वेयरहाउसिंग, ऑनलाइन बिक्री और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग सुविधा मिलेगी।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर के पश्मीना शॉल, केसर, पारंपरिक हस्तशिल्प और विलो लकड़ी से बने खेल उपकरणों की मांग अब घाटी तक सीमित नहीं रहेगी। स्थानीय कारीगरों और कारोबारियों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों से जोड़ने के लिए लॉजिस्टिक्स कंपनी डीटीडीसी एक्सप्रेस लिमिटेड ने ‘डीटीडीसी उड़ान’ पहल शुरू की है।

इसका उद्देश्य कश्मीर के छोटे कारोबारियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमइ) को सामान की डिलीवरी, ऑनलाइन बिक्री और नए ग्राहकों तक पहुंचने में मदद करना है।

कश्मीर में पश्मीना, जीआई टैग वाला केसर, पारंपरिक हस्तशिल्प, प्रीमियम ड्राई फ्रूट्स और विलो आधारित खेल उपकरण जैसे विशिष्ट उत्पाद तैयार होते हैं। हालांकि, इनकी गुणवत्ता के बावजूद घाटी से बाहर ग्राहकों तक पहुंचने के लिए भरोसेमंद डिलीवरी, वेयरहाउसिंग, ऑर्डर प्रोसेसिंग और ऑनलाइन बिक्री की सुविधाएं जरूरी हैं।

अलग-अलग बाजारों की मांग के अनुसार कारोबार बढ़ाना भी छोटी इकाइयों के लिए चुनौती बनता है। ‘डीटीडीसी उड़ान’ के जरिए कंपनी इसी अंतर को कम करना चाहती है। इस पहल के पहले चरण की शुरूआत हो गई है।

वेयरहाउसिंग से विदेशों में शिपिंग तक मिलेगी सुविधा

डीटीडीसी के सीईओ अभिषेक चक्रवर्ती ने कहा कि कश्मीर के उत्पादों में वैश्विक बाजार तक पहुंचने की क्षमता है। कंपनी अपने लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, तकनीक और फुलफिलमेंट सुविधाओं को स्थानीय कारोबारियों के करीब लाएगी। देशभर में 16500 से अधिक चैनल पार्टनर्स का नेटवर्क कारोबारियों को डिलीवरी के साथ स्थानीय स्तर पर मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

पहल के तहत ई-कॉमर्स फुलफिलमेंट सेवाओं में वेयरहाउसिंग, ऑर्डर प्रोसेसिंग और डिलीवरी शामिल हैं। DTDC वर्ल्डवाइड के जरिए 220 से अधिक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक शिपिंग की सुविधा मिलती है। उपलब्ध क्षेत्रों में डीटीडीसी रफ्तार तेज डिलीवरी के विकल्प देता है, जबकि ‘इ डॉट’ के माध्यम से पात्र कंपनियां लगभग 10 मिनट में शिपिंग शुरू करने के लिए पंजीकरण कर सकती हैं।

यही नहीं इस पहल में डीटीडीसी का ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ‘कारीगो’ भी अहम भूमिका निभाएगा। यह भारतीय उत्पादों, कारीगरों और क्षेत्रीय विक्रेताओं को ऑनलाइन मौजूदगी बनाने तथा स्थानीय बाजार से बाहर ग्राहक तलाशने में मदद करने के लिए तैयार किया गया है।