Ceasefire Violation: पाकिस्तान ने राजौरी, केरनी सेक्टर में किया संघर्षविराम का उल्लंघन, भारत का करारा जवाब
Pakistan violated ceasefire in Rajouri district पाकिस्तान ने राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों को निशाना बनाते बनाते हुए भारी गोलाबारी की।
पुंछ, एएनआई। पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ाने से बाज नहीं आ रहा। पाकिस्तान ने राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी की। सीमा पर बढ़ते संघर्ष विराम के उल्लंघन के मामले को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन जिला राजौरी के नौशहरा सेक्टर, मेंढर के बालाकोट जबकि शाहपुर और केरनी सेक्टर में सीमा से सटे जगहों पर सुरक्षा बढा दी गई है । सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान पूरी तरह बौखलाया हुआ है। संघर्षविराम का उल्लंघन कर वह आतंकियों को घुसपैठ कराने की फिराक में जुटा हुआ है। इससे पहले 21 सिंतबर को पाकिस्तान ने पुंछ व राजोरी जिले में एलओसी पर अग्रिम चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी की थी। इसमें कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। साथ ही 16 जानवरों की मौत हुई थी।
इससे ठीक एक दिन पहले पाकिस्तान ने रात आठ से 10 बजे के बीच नौशेरा, रात करीब पौने बारह बजे से देर रात दो बजे के बीच बालाकोट में छोटे हथियारों से गोलीबारी की और गोले दागे थे। गोलाबारी और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर शाहपुर में भी कई स्कूलों को बंद किए गए थे।
अधिकारियों के अनुसार इस साल अभी तक पाकिस्तान ने 2050 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है, जिसमें 21 भारतीय मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। भारत ने लगातार पाकिस्तान से कहा है कि वह अपने बलों से 2003 संघर्ष विराम समझौते का पालन करने और नियंत्रण रेखा तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए कहे।