उड़ी में पाकिस्तान ने दागे स्नाइपर शाॅट, दो सैन्यकर्मी घायल
पाकिस्तानी सैनिकों ने जंगबंदी का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी शुरु कर दी। जब तक जवान अपनी पोजीशन लेते हुए, दो जवान गोली लगने से जख्मी हो गए।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। उत्तरी कश्मीर में उड़ी सेक्टर के अतंर्गत एलओसी पर तैनात दो सैनिक बुधवार को पाकिस्तानी सैनिकों के स्नाईपर शॉट में जख्मी हो गए। भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया है। लेकिन एलओसी पर हुए नुक्सान की तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई है। इस घटना के बाद पूरे उत्तरी कश्मीर में एलओसी पर एलर्ट करते हुए सैन्य प्रशासन ने सभी फील्ड कमांडरों को पाकिस्तान के हर दुस्साहस मुंहतोड़ जवाब देने का निर्देश जारी किया है।
यहां मिली जानकारी के अनुसार,अाज सुबह सेना की 8 आरआर के जवानों का एक गश्तीदल एलओसी पर स्थित कमलकोट गांव के अग्रिम छोर पर तारबंदी की जांच कर रहा था। इसी दौरान पाकिस्तानी सैनिकों ने जंगबंदी का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी शुरु कर दी। जब तक जवान अपनी पोजीशन लेते हुए, दो जवान गोली लगने से जख्मी हो गए। अन्य जवानों ने अपने घायल साथियों को वहां से हटाते हुए जवाबी फायर किया। पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय ठिकानों पर मोर्टार और तोप के गोले भी दागे।
भारतीय जवानों ने भी जवाबी प्रहार करते हुए पाकिस्तानी सेना की अग्रिम निगरानी चौकियों और मोर्चाें को निशाना बनाया। दावा किया जा रहा है कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को जान-माल का नुक्सान हुआ है,लेकिन इसका पूरा ब्यौरा उपलब्ध नहीं हो पाया था।
इस बीच, पाकिस्तानी गोलीबारी में जख्मी दोनों जवानों नायकक एम विल्लन और सिपाही विश्वानाथन को उपचार के लिए श्रीनगर स्थित सैन्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। दोनों की हालत को फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है। उड़ी स्थित सैन्याधिकारियों की मानें तो दोनों तरफ से एक दूसरे के ठिकानों पर दोपहर बाद तक रुक रुक कर गोलाबारी जारी थी।अन्य विवरण प्रतीक्षारत हैं।