पाकिस्तान ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, LoC पर पांचवें दिन भी गोलीबारी; भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
पाकिस्तान ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की है। कुपवाड़ा बारामूला और अखनूर सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। सीमावर्ती इलाकों में तनाव का माहौल है। वहीं सेना ने आसपास के इलाकों में अलर्ट और बढ़ा दिया है।

एएनआई, श्रीनगर। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर फायरिंग की है। पाक सैनिकों ने 28-29 अप्रैल की मध्यरात्रि कुपवाड़ा और बारामूला जिलों के साथ-साथ अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार गोलीबारी की। भारतीय सेना ने उकसावे का नपा-तुला और प्रभावी तरीके से जवाब दिया।
इससे पहले पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर सीमापार से पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी प्रकार के उकसावे के गोलीबारी शुरू की थी। भारतीय जवानों द्वारा जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी बंद कर दी।
सैन्य अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की मध्य रात को पुंछ जिले की कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की अग्रिम चौकियों ने बिना उकसावे के भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाते हुए हल्के हथियारों से गोलीबारी शुरू की थी। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तानी सेना की नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलीबारी में किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं प्राप्त हुई है।
जंगलों में तलाशी अभियान
इस बीच, सेना के जवानों ने सोमवार को भी एलओसी के साथ सटे जंगलों में दिनभर तलाशी अभियान चलाया। पहलगाम के बैसरन में आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जलनदी समझौते को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही सभी पाकिस्तानी नागरिकों के भारत वीजा को रद किए जाने के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है।
पाकिस्तान ने गुरुवार को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय ठिकानों पर गोलीबारी की थी। इसके बाद से नियमित तौर पर गोलाबारी हो रही है।
इस बीच, सूत्रों ने बताया कि सोमवार को दिन में गोलाबारी नहीं हुई है। सेना के जवानों ने एलओसी के अग्रिम हिस्से में सभी जंगलों और नालों में एक व्यापक तलाशी अभियान चलाया है। सेना को आशंका है कि पाकिस्तानी सैनिक गोलीबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ करा सकते हैं। इसलिए एहतियात के तौर पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
रविवार मध्य रात्रि पुंछ जिले की कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की अग्रिम चौकियों ने बिना उकसावे के भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाते हुए हल्के हथियारों से गोलीबारी शुरू की गई। गोलीबारी में किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। सीमावर्ती इलाकों के गांवों में दहशत का माहौल बना है। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तानी सेना शांत हो गई।
गांवों में दहशत का माहौल
एलओसी पर बढ़ते तनाव के बीच सीमावर्ती इलाकों के गांवों में दहशत का माहौल बना है। हालांकि, भारतीय सेना द्वारा जवाबी कार्यवाही के बाद पाकिस्तानी सेना की बंदूकें शांत हो गई, लेकिन क्षेत्र में दिन भर डर का माहोल बना रहा। लोग घरों में ही दुबके रहे और स्कूलों में भी बच्चों की गिनती कम रही।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।