उड़ी में पाकिस्तान ने की भारी गोलाबारी, दो सैन्यकर्मी घायल
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को उत्तरी कश्मीर के उड़ी सेक्टर में नियं˜
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को उत्तरी कश्मीर के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलाबारी करने के साथ स्नाइपर शॉट दागे। इसमें दो भारतीय सैनिक घायल हो गए। पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय ठिकानों पर मोर्टार और तोप के गोले भी दागे। इसके बाद भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया। दावा किया जा रहा है कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को जानमाल का नुकसान हुआ है, लेकिन इसका पूरा ब्योरा उपलब्ध नहीं हो पाया है। इस घटना के बाद पूरे उत्तरी कश्मीर में अलर्ट करते हुए सैन्य प्रशासन ने सभी फील्ड कमांडरों को पाकिस्तान के हर दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने का निर्देश जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह सेना की आठ आरआर के जवानों का एक गश्तीदल एलओसी पर स्थित कमलकोट गांव के अग्रिम छोर पर तारबंदी की जांच कर रहा था। इसी दौरान पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। जब तक जवान पोजीशन लेते दो जवान गोली लगने से जख्मी हो गए। अन्य जवानों ने अपने घायल साथियों को वहां से हटाते हुए जवाबी फायर किया। भारतीय जवानों ने भी जवाबी प्रहार करते हुए पाकिस्तानी सेना की अग्रिम निगरानी चौकियों और मोर्चो को निशाना बनाया। दोनों तरफ से एक-दूसरे के ठिकानों पर दोपहर बाद तक रुक रुककर गोलाबारी जारी रही।
इस बीच, पाकिस्तानी गोलीबारी में जख्मी दोनों जवानों नायक एम विल्लन और सिपाही विश्वानाथन को उपचार के लिए श्रीनगर स्थित सैन्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है।