'कश्मीर को हिंसा नहीं, खूबसूरती और सुकून की नजर से सिनेमा...'; ऑस्कर विजेता संगीतकार AR रहमान की बॉलीवुड से अपील
ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने बॉलीवुड फिल्मकारों से कश्मीर की सुंदरता और शांति को दर्शाने वाली फिल्में बनाने की ...और पढ़ें

ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान की बॉलीवुड से अपील। फाइल फोटो
HighLights
रहमान ने बॉलीवुड से कश्मीर की सुंदरता और शांति दिखाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कश्मीर कलाकारों के लिए प्रेरणा का शुद्ध स्रोत है।
कश्मीरी संगीत और लोक परंपराओं को बड़े पर्दे पर लाना चाहिए।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने बॉलीवुड फिल्मकारों और संगीतकारों से कश्मीर आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री को अब घाटी की कहानियों को सिर्फ हिंसा और अतीत के नजरिए से दिखाना बंद करना चाहिए और इसकी खूबसूरती, अमन और सुकून को दुनिया के सामने लाना चाहिए।
रहमान इन दिनों कश्मीर में हैं। वह रॉयल स्प्रिंग गोल्फ कोर्स में एक विज्ञापन शूट के लिए आए थे। शूटिंग खत्म करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कश्मीर कलाकारों के लिए प्रेरणा का सबसे शुद्ध स्रोत है। कलाकार हमेशा प्रेरणा की तलाश में रहते हैं।
जब हम यहां आते हैं तो सब कुछ अनक्लटर्ड, साफ और खूबसूरत लगता है। यह हमें इंस्पायर करता है। फिल्म मेकर्स को चाहिए कि वे प्रकृति को एक पॉजिटिव चीज के तौर पर दिखाएं, न कि हमेशा हिंसा या अतीत की बातें। जो बीत गया सो बीत गया, भविष्य बहुत उज्ज्वल है।
रॉकस्टार से पुराना है कश्मीर कनेक्शन
यह पहली बार नहीं है जब रहमान कश्मीर आए हैं। उन्होंने अपनी सुपरहिट फिल्म ''''रॉकस्टार'''' का जिक्र करते हुए बताया कि उस फिल्म के लिए उन्होंने कश्मीरी महिलाओं द्वारा गाए गए लोकगीतों को रिकॉर्ड किया था और उसे फिल्म के संगीत में इस्तेमाल भी किया था। उन्होंने कहा कि वह यहां आकर और भी बहुत कुछ करना चाहते हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कश्मीरी सूफी संगीतकारों और लोक कलाकारों के साथ काम करेंगे, तो रहमान ने खुलकर हामी भरी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में बातचीत चल रही है और वह जल्द ही कश्मीर में परफॉर्म करना चाहते हैं।
विशाल भारद्वाज की फिल्म 'हैदर' में रबाब और कश्मीरी संगीत के इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि यह एक 'ब्यूटीफुल' आइडिया है और बॉलीवुड को कश्मीरी साजों और लोक परंपराओं को बड़े पर्दे तक लाना चाहिए ताकि स्थानीय सुरों को ग्लोबल ऑडियंस मिल सके।
फिल्म फेस्टिवल से बढ़ेगा पर्यटन
कश्मीर में हुए इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की तारीफ करते हुए रहमान ने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है। इस तरह के आयोजन आगे भी ज्यादा से ज्यादा आयोजित होने चाहिए। इनके जरिए लोग घाटी की मेहमाननवाजी और खूबसूरती को महसूस करेंगे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फेस्टिवल आने वाले सालों में एम्स्टर्डम, लंदन और सनडांस की तरह भारत का सबसे बड़ा और बेहतरीन फिल्म फेस्टिवल बने।
अंत में रहमान ने कहा कि कश्मीर की वादियां और यहां का संगीत दोनों ही जादुई हैं और बॉलीवुड को अब इस जादू को फिर से बड़े पर्दे पर उतारने का वक्त आ गया है।
