विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पद्म भूषण क्यों, सीधा भारत रत्न ही दे दीजिए', CEC ज्ञानेश कुमार को सम्मान देने की बीजेपी की पैरवी पर CM उमर का तंज

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:37 AM (GMT+05:30)

उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा सत्र को फलदायी बताया और भाजपा पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण ...और पढ़ें

CEC ज्ञानेश कुमार को सम्मान देने की बीजेपी की पैरवी पर CM उमर का तंज (फाइल फोटो)

CEC ज्ञानेश कुमार को सम्मान देने की बीजेपी की पैरवी पर CM उमर का तंज (फाइल फोटो)

HighLights

  1. विधानसभा सत्र में राज्य का दर्जा बहाल करने का प्रस्ताव पारित हुआ

  2. ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण की बजाय भारत रत्न देने की मांग की

  3. भारत-चीन संबंधों पर विदेश मंत्री के बयान का उमर ने समर्थन किया

राज्य ब्यूरो,जागरण, श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा के मौजूदा सत्र का छठा दिन सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण और फलदायी रहा।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में राज्य का दर्जा बहाल करने संबंधी प्रस्ताव पारित होने के साथ-साथ कारोबार को आसान बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विधेयकों को भी मंजूरी मिली है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण देने की भाजपा की मांग पर उमर ने तंज करते हुए कहा कि पद्म भूषण पर क्यों रुकना, भारत रत्न दे दीजिए।

मंगलवार को आयोजित जम्मू-कश्मीर इंटरनेशनल बायर-सेलर मीट के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बताया कि उद्योग विभाग और ट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन के प्रयासों से करीब 30-35 बाहरी खरीदार जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं, जो लगभग 100 स्थानीय निर्माताओं, बुनकरों और हस्तशिल्प कारीगरों के साथ बातचीत कर रहे हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर की भारत-चीन संबंधों को लेकर की गई टिप्पणी पर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि विदेश मंत्री की बात गलत नहीं है। गलवान संघर्ष के बाद जिस दौर में लोगों से चीनी सामान और टीवी तक बालकनी से बाहर फेंकने की बातें कही जा रही थीं, आज उसी के विपरीत भारत और चीन के प्रतिनिधि एक-दूसरे से मिलकर बातचीत कर रहे हैं।

उमर ने कहा कि पड़ोसी देशों के साथ बातचीत और बेहतर संबंध देश के हित में हैं। उन्होंने विशेष रूप से चीन और बांग्लादेश सहित पड़ोसी देशों के साथ बेहतर संबंधों को भारत के राष्ट्रीय हित से जोड़ा।